सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर आयोजित हुई ‘रन फॉर यूनिटी’ : केंद्रीय मंत्री ने दिलाई राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ

WhatsApp Channel Join Now
सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर आयोजित हुई ‘रन फॉर यूनिटी’ : केंद्रीय मंत्री ने दिलाई राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ


बीकानेर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार सुबह बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए), बीकानेर पुलिस और बीकानेर रन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया और ख़ुद भी दौड़े। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ भी दिलाई।

कार्यक्रम में संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा, पुलिस महानिरीक्षक ओम प्रकाश, जिला कलेक्टर निशांत जैन तथा पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दौड़ का आयोजन कलेक्ट्रेट के सामने से रविन्द्र रंगमंच, मेजर पूर्ण सिंह सर्किल, ब्रह्मकुमारी सर्किल, पंचशती सर्किल और महर्षि गौतम सर्किल होते हुए पुनः कलेक्ट्रेट परिसर तक निर्धारित किया गया।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के बाद तत्कालीन उप प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल ने 565 देशी रियासतों का भारत में विलय कर राष्ट्र की एकता और अखंडता को सुदृढ़ करने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया।

इससे पूर्व बीकानेर रन क्लब के ईशान शर्मा ने कार्यक्रम की शुरुआत में उपस्थित जनसमूह को विभिन्न व्यायाम करवाए। कार्यक्रम का मंच संचालन कलेक्ट्रेट के प्रशासनिक अधिकारी संजय पुरोहित ने किया।

दौड़ में बीडीए आयुक्त धायगुडे स्नेहल नाना, बीडीए कमिश्नर सिद्धार्थ पलानीचामी, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडे, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (नगर) रीना छिंपा, बीकानेर उपखंड अधिकारी महिमा कसाना, सीओ अनुज डाल, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) राम गोपाल शर्मा तथा जिला खेल अधिकारी सुरेंद्र हर्ष सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों,रन फॉर यूनिटी क्लब के सदस्यों, आरएसी एवं पुलिस के जवानों, एनसीसी कैडेट्स, करणी सिंह स्टेडियम के खिलाड़ियों और शहर के गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769943 Articles

Share this story