अंबेडकर जयंती पर “रन फॉर इक्वालिटी” 14 अप्रैल को, जयपुर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू

WhatsApp Channel Join Now
अंबेडकर जयंती पर “रन फॉर इक्वालिटी” 14 अप्रैल को, जयपुर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू


जयपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। अंबेडकर जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल को सुबह 4 बजे “रन फॉर इक्वालिटी-7” का आयोजन किया जाएगा। दौड़ की शुरुआत अल्बर्ट हॉल के दक्षिणी गेट से होगी, जो जवाहरलाल नेहरू मार्ग, मालवीय नगर पुलिया, एपेक्स सर्किल, पत्रिका गेट और बजाज नगर होते हुए पुनः अल्बर्ट हॉल पर समाप्त होगी।

यातायात पुलिस के अनुसार आयोजन को लेकर शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की जाएगी। दौड़ मार्ग पर सुबह 3 बजे से सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रामनिवास बाग से जवाहर सर्किल तक, मालवीय नगर पुलिया से एपेक्स सर्किल और बजाज नगर तिराहे से केवी स्कूल तिराहे तक सामान्य यातायात को आवश्यकता अनुसार डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, त्रिमूर्ति सर्किल, सूचना केंद्र और घोड़ा सर्किल से आरोग्य पथ की ओर जाने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा।

दिल्ली व आगरा रोड से सिंधी कैंप आने वाली रोडवेज बसों को गुरुद्वारा मोड़, घाटगेट, सांगानेर गेट और अशोका मार्ग से होकर भेजा जाएगा। वहीं, सिंधी कैंप से बाहर जाने वाली बसों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि दौड़ मार्ग पर किसी भी प्रकार के वाहनों की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी, हालांकि एम्बुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों को निर्बाध आवागमन की अनुमति रहेगी।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे कार्यक्रम के दौरान असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story