मानसून से पूर्व करना पड़ेगा सीवरेज व पेयजल के काम

WhatsApp Channel Join Now
मानसून से पूर्व करना पड़ेगा सीवरेज व पेयजल के काम


जयपुर, 23 मार्च (हि.स.)।

राजस्थान अर्बन ड्रिंकिंग वाटर, सीवरेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन (रूडसिको) की 20वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा की अध्यक्षता में सोमवार को स्वायत्त शासन विभाग के सभागार में आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कई अहम निर्णय लिए गए।

बैठक के दौरान 31 मार्च 2024 को समाप्त वित्तीय वर्ष के लिए ऑडिट किए गए वित्तीय विवरण, निदेशक मंडल एवं लेखा परीक्षकों की रिपोर्ट तथा भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक की टिप्पणियों सहित प्रस्तुत किए गए। गहन विचार-विमर्श के पश्चात इनका अनुमोदन किया गया।

वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए वैधानिक लेखा परीक्षकों की नियुक्ति की पुष्टि करते हुए उनके पारिश्रमिक को स्वीकृति प्रदान की गई। साथ ही, लागत लेखा परीक्षकों की नियुक्ति को भी मंजूरी देते हुए उनके पारिश्रमिक का अनुसमर्थन किया गया।

बैठक में रूडसिको के प्रबंधन तंत्र को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सूर्य प्रकाश चोपड़ा एवं सुमन शर्मा को स्वतंत्र निदेशक के रूप में नियुक्त करने का निर्णय भी लिया गया।

इस अवसर पर नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में चल रहे सभी कार्यों को सुनियोजित ढंग से निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए सीवरेज एवं पेयजल पाइपलाइन से जुड़े कार्यों को पूर्व तैयारी के साथ शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

बैठक में शासन सचिव रवि जैन, रूडसिको की कार्यकारी निदेशक डॉ रश्मि शर्मा, मुख्य अभियंता अरुण व्यास, प्रदीप गर्ग सहित अन्य उच्च अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story