राजस्थान में जीएसटी लागू होने के बाद अक्टूबर में जुटाए 7,047 करोड़ रुपये

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में जीएसटी लागू होने के बाद अक्टूबर में जुटाए 7,047 करोड़ रुपये


जयपुर, 04 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान ने कर राजस्व संग्रहण के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। जीएसटी लागू होने के बाद अक्टूबर 2026 में प्रदेश ने अब तक का सर्वाधिक मासिक जीएसटी एवं मूल्य वर्धित कर (वैट) राजस्व संग्रहण दर्ज किया। इस दौरान राज्य को कुल 7,047.27 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व और प्रमुख शासन सचिव (कर) की नियमित निगरानी को इस उपलब्धि का प्रमुख आधार बताया गया है।

कर विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर 2026 का संग्रहण मार्च 2026 में दर्ज 6,826.60 करोड़ रुपये के पिछले रिकॉर्ड से 220.67 करोड़ रुपये अधिक रहा। इस प्रकार विभाग ने अपने ही पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। एक ही महीने में इतने बड़े स्तर पर राजस्व संग्रहण को राज्य के कर प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

अक्टूबर 2025 में राजस्थान को जीएसटी और वैट से 6,303.88 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था। इसके मुकाबले अक्टूबर 2026 में संग्रहण बढ़कर 7,047.27 करोड़ रुपये पहुंच गया। इस तरह एक साल में राजस्व संग्रहण में 743.39 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई, जो लगभग 11.79 प्रतिशत है।

वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अक्टूबर तक प्रदेश का कुल जीएसटी एवं वैट राजस्व संग्रहण 44,034.09 करोड़ रुपये रहा। सरकार के अनुसार, कर अनुपालन में सुधार, राजस्व संग्रहण की नियमित समीक्षा, अधिकारियों के लिए लक्ष्य निर्धारित करने और कर चोरी पर अंकुश लगाने के प्रयासों से विभागीय कार्यप्रणाली को मजबूती मिली है।

राज्य सरकार करदाताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ कर प्रशासन को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने पर भी जोर दे रही है। प्रमुख शासन सचिव स्तर पर राजस्व संग्रहण की नियमित समीक्षा और अधिकारियों के कामकाज की निगरानी की जा रही है। सरकार का मानना है कि राजस्व में बढ़ोतरी से राज्य के वित्तीय संसाधन मजबूत होंगे और विकास कार्यों के लिए उपलब्ध धनराशि बढ़ाने में मदद मिलेगी।

जीएसटी लागू होने के बाद एक महीने में सर्वाधिक राजस्व संग्रहण का यह नया रिकॉर्ड राजस्थान के कर विभाग के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772457 Articles

Share this story