आरपीएससी भर्ती परीक्षाओं में प्रश्नपत्रों की समीक्षा के बाद बदल सकता है पैटर्न

WhatsApp Channel Join Now
आरपीएससी भर्ती परीक्षाओं में प्रश्नपत्रों की समीक्षा के बाद बदल सकता है पैटर्न


अजमेर, 22 अगस्त(हि.स.)। राजस्थान लोक सेवा आयोग की भर्ती परीक्षाओं में अभ्यर्थियों के न्यूनतम अंक हासिल नहीं कर पाने के मामलों को देखते हुए आयोग ने प्रश्नपत्रों के पैटर्न की समीक्षा शुरू की है।

आरपीएससी सूत्रों के अनुसार आयोग अध्यक्ष ले. कर्नल केसरी सिंह ने इसके लिए विशेष आंतरिक कमेटी गठित की है। कमेटी विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों का विश्लेषण कर 27 अगस्त को अंतरिम और 31 अगस्त को अंतिम रिपोर्ट सौंपेगी। कमेटी प्रश्नों को सरल, मध्यम और कठिन तीन श्रेणियों में बांटकर कठिनाई स्तर का मूल्यांकन करेगी। वर्तमान पैटर्न में 30 प्रतिशत सरल, 30 प्रतिशत मध्यम और 40 प्रतिशत कठिन प्रश्न होते हैं। कमेटी की सिफारिश के आधार पर कठिन प्रश्नों का प्रतिशत घटाकर सरल या मध्यम प्रश्नों का प्रतिशत बढ़ाया जा सकता है। हाल के परिणामों में कई विषयों में पदों की तुलना में बेहद कम अभ्यर्थी सफल हुए। स्कूल लेक्चरर एवं कोच भर्ती में राजनीति विज्ञान के 225 पदों पर सिर्फ 6 अभ्यर्थी पास हुए। वहीं सहायक आचार्य संस्कृत शिक्षा परीक्षा में धर्मशास्त्र, ज्योतिष फलित और यजुर्वेद विषय में एक भी अभ्यर्थी न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक हासिल नहीं कर सका। सीनियर टीचर भर्ती के विज्ञान विषय में 350 पदों के मुकाबले केवल 296 अभ्यर्थी पात्रता जांच के लिए चयनित हुए। आयोग की अंतिम रिपोर्ट के बाद भर्ती परीक्षाओं के पैटर्न में बदलाव को लेकर निर्णय लिया जा सकता है।

लंबित भर्तियों पर भी फोकस: आयोग ने लंबित और आगामी भर्तियों की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए हैं। डिप्टी जेलर भर्ती-2024 के सफल अभ्यर्थियों की सूची जारी कर सितंबर में साक्षात्कार शुरू करने की तैयारी है। वहीं एसआई भर्ती-2025 के साक्षात्कार की रूपरेखा भी तैयार की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story