रूप चौदस पर माता महालक्ष्मी का सवा मन दूध से पंचामृत अभिषेक

WhatsApp Channel Join Now
रूप चौदस पर माता महालक्ष्मी का सवा मन दूध से पंचामृत अभिषेक


जयपुर, 07 नवंबर (हि.स.)। दीपावली महापर्व के अवसर पर चांदपोल बाजार, नाहरगढ रोड स्थित माता महालक्ष्मी मंदिर में रूप चौदस पर विशेष धार्मिक आयोजन किया गया। इस दौरान 11 विद्वान पंडितों ने पंडित धर्मेश शर्मा के सानिध्य में माता महालक्ष्मी का सवा मन दूध से पंचामृत अभिषेक किया। अभिषेक पुरुष सूक्त और श्री सूक्त के मंत्रोच्चार के बीच विधिवत संपन्न हुआ।

अभिषेक के बाद माता महालक्ष्मी को नवीन पोशाक धारण कराई गई। मंदिर में आकर्षक फूल बंगला झांकी सजाई गई तथा माता को विभिन्न मिष्ठान्न व्यंजनों का भोग लगाया गया। साथ ही सुहाग की वस्तुएं भी माता के चरणों में अर्पित की गईं।

इस अवसर पर मंदिर में माता की भव्य महाआरती हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। भक्तों ने माता के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मंदिर प्रवक्ता धर्मेश शर्मा ने बताया कि मंदिर में प्राचीन समय से श्रद्धालुओं की गहरी आस्था रही है। मान्यता है कि जो भक्त लगातार 16 शुक्रवार माता महालक्ष्मी का व्रत रखते हैं और दर्शन करते हैं, उनकी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773881 Articles

Share this story