रोडवेज के संविदा ड्राइवर 27 अक्टूबर को करेंगे प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
रोडवेज के संविदा ड्राइवर 27 अक्टूबर को करेंगे प्रदर्शन


जयपुर, 23 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान रोडवेज में एजेंसी के जरिए कॉन्ट्रैक्ट पर काम कर रहे ड्राइवरों ने एजेंसी व्यवस्था खत्म कर सीधे रोडवेज से भुगतान करने की मांग उठाई है। मांग के समर्थन में ड्राइवर 27 अक्टूबर को रोडवेज मुख्यालय पर प्रदर्शन और घेराव करेंगे। संगठन ने कहा कि प्रदर्शन में एजेंसी के जरिए काम कर रहे ड्राइवरों के साथ बस सारथी भी शामिल होंगे।

फेडरेशन के प्रदेश महामंत्री सत्यनारायण शर्मा ने आरोप लगाया कि मौजूदा एजेंसी ने प्रत्येक ड्राइवर से सिक्योरिटी के नाम पर 15 हजार रुपए लिए हैं। एक साल बीतने के बाद भी ड्राइवरों को इसकी रसीद नहीं दी गई और न ही राशि लौटाई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि रसीद मांगने वाले कुछ ड्राइवरों को बिना कारण बताए ब्लैकलिस्ट कर नौकरी से हटा दिया गया।

सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि रोडवेज में ड्राइवर वर्ष 2005 से एजेंसियों के माध्यम से काम कर रहे हैं। संगठन ने पहले काम कर चुकी दो एजेंसियों के खिलाफ शिकायत की थी कि ड्राइवरों के वेतन से पीएफ और ईएसआई की राशि काटने के बाद उसे संबंधित खातों में जमा नहीं कराया गया। संगठन का दावा है कि शिकायत के बाद दोनों एजेंसियों को डिफॉल्टर घोषित कर पेनल्टी लगाई गई।

राजस्थान ठेका श्रमिक संघर्ष समिति के संयोजक कालूराम गर्ग ने कहा कि ड्राइवरों को रोडवेज की ओर से सीधे भुगतान करने की व्यवस्था को लेकर प्रबंधन ने पहले कमेटी गठित की थी। कमेटी अपनी रिपोर्ट प्रबंधन को सौंप चुकी है, लेकिन अब तक रिपोर्ट पर कार्रवाई नहीं हुई है। संगठन ने कमेटी की रिपोर्ट लागू कर एजेंसी के माध्यम से भुगतान की व्यवस्था खत्म करने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में 27 अक्टूबर को रोडवेज मुख्यालय पर प्रदर्शन और घेराव किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story