जोधपुर से रोटू के लिए रोडवेज बस सेवा शुरू

WhatsApp Channel Join Now
जोधपुर से रोटू के लिए रोडवेज बस सेवा शुरू


40 गांवों को मिलेगा लाभ, तीन धार्मिक स्थलों से होगा सीधा जुड़ाव

जोधपुर, 03 जून (हि.स.)। राज्य सरकार ने जनता की मांग और जनप्रतिनिधियों के अनुरोध के बाद जोधपुर से रोटू के बीच में नई रोडवेज बस सेवा शुरू की है। इससे तकरीबन 40 गांवों के 50 हजार से अधिक लोगों को आवागमन का सस्ता साधन उपलब्ध हो सकेगा। राजस्थान रोडवेज के जोधपुर डिपो की ओर से इस बस का संचालन किया जाएगा।

बस जोधपुर से दोपहर 2.45 बजे रवाना होकर आसोप 5 बजे, खजवाना 5.45 बजे, कुचेरा 6.15 बजे, खाटू शाम 7.20, बांटाड़ी 7.50, डीडवाना रात 8.30 और अंत में रोटू रात में 9.30 बजे बस पहुंचेगी। रात्रि ठहराव रोटू में होगा। वापसी में यह बस सुबह रोटू से सुबह 6.30 बजे रवाना होकर, डीडवाना 7.40, बांटडी 8.15, खाटू सुबह 9 बजे, कुचेरा 10 बजे, संखवास 10.45 बजे, आसोप 11.30, भोपालगढ 12.15 बजे और दोहपर 1.30 बजे जोधपुर पहुंचेगी।

यह बस जोधपुर से बनाड़, जाजीवाल, बुटेची, नांदिया प्रभावती, देवातड़ा, बुड़किया, अरटिया, बागोरिया, भोपालगढ़, आसोप, कंकड़ाय, संखवास, ग्वालू, खजवाना, छीलरा फांटा, गाजू, कुचेरा, लुणसरा, सांजू, गोल खेजड़ी, छोटी खाटू, बड़ी खाटू, छेरानिया, डाबा, पिंचावा, केराप, बांटडी, डीडवाना, सिंघाना, सांवरात, बांकलियां, गुणपालिया, श्यामपुरा, लेडी होते हुए रोटू पहुंचेगी। इन गांवों के अलावा आस पास के ग्रामीणों को भी निजी बसों में अधिक किराए की बजाए सरकारी बस में सुरक्षित, निर्धारित समय पर कम किराए में यात्रा करने का लाभ मिलेगा।

रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि रोटू में लोक देवता वीर तेजा का मंदिर है साथ ही श्री गुरु जम्भेश्वर धाम स्थित है। खाटू में माताजी का मंदिर है। इन धार्मिक स्थलों के लिए रोजाना सैकड़ों लोग निजी बसों में अधिक किराया देकर सफर करने को मजबूर है। यह बस चलने से अब लोगों को बहुत फायदा मिलेगा। इसलिए लोगों के लिए वहां जाना अब आसान हो जाएगा। साथ ही बुटाटी धाम के लिए राजस्थान के अलावा अन्य राज्यों से भी श्रद्वालु आते है। इस बस से कुचेरा उतरकर आगे 10 मिनट में अन्य साधन से बुटाटी पहुंचा जा सकता है। हालांकि जोधपुर से बुटाटी के लिए सीधी बस भी है जो सुबह 8.15 बजे जोधपुर से रवाना होकर 12.30 बजे बुटाटी पहुंचती है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story