सड़क हादसों में अपनों को खोने वाले परिवार सुनाएंगे दर्द, 15 को राजस्थान में मनेगा सड़क सुरक्षा दिवस

WhatsApp Channel Join Now
सड़क हादसों में अपनों को खोने वाले परिवार सुनाएंगे दर्द, 15 को राजस्थान में मनेगा सड़क सुरक्षा दिवस


जयपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। सड़क पर जरा सी लापरवाही किसी परिवार की जिंदगीभर की खुशियां छीन सकती है। कोई अपना घर से निकलता है, लेकिन वापस नहीं लौटता। पीछे रह जाता है परिवार का इंतजार, आंसू और कभी न भरने वाला खालीपन। सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि देने और ऐसी त्रासदियों को रोकने के लिए लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से 15 नवंबर को राजस्थान में विश्व सड़क दुर्घटना पीड़ित स्मरण दिवस एवं राज्य सड़क सुरक्षा दिवस मनाया जाएगा।

इस बार अभियान की खास बात यह होगी कि हादसों में अपने परिजनों को खो चुके परिवार खुद सामने आकर अपनी पीड़ा साझा करेंगे और लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की भावनात्मक अपील करेंगे।

इस वर्ष दिवस की थीम 'रिमेम्बर, सपोर्ट, एक्ट' यानी याद करें, सहयोग दें और कदम उठाएं रखी गई है। संयुक्त राष्ट्र संघ की ओर से नवंबर के तीसरे रविवार को विश्व सड़क दुर्घटना पीड़ित स्मरण दिवस मनाया जाता है। इसी क्रम में राजस्थान सरकार प्रदेशभर में इसे राज्य सड़क सुरक्षा दिवस के रूप में भी आयोजित करेगी।

परिवहन आयुक्त पुरुषोत्तम शर्मा के अनुसार परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग ने सभी जिला कलेक्टरों एवं जिला सड़क सुरक्षा समितियों के अध्यक्षों को जिला और उपखंड स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इनमें सड़क दुर्घटनाओं में दिवंगत हुए लोगों की स्मृति में श्रद्धांजलि सभाएं होंगी। दिवंगत व्यक्तियों के नाम, फोटो, दुर्घटना की तिथि और मूल निवास सहित अन्य विवरणों के फ्लैक्स प्रदर्शित किए जाएंगे। प्रमुख मार्गों पर बैटरी चालित कैंडल मार्च भी निकाला जाएगा। इसमें सामाजिक संस्थाओं, विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट एवं गाइड सहित विभिन्न वर्गों के लोग भाग लेंगे।

इस आयोजन का सबसे संवेदनशील पहलू उन परिवारों की भागीदारी होगी, जिन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में अपने किसी प्रियजन को खोया है। ऐसे परिवारों को श्रद्धांजलि सभाओं में आमंत्रित कर उनके अनुभव साझा करवाए जाएंगे। वे बताएंगे कि एक सड़क हादसे ने उनके परिवार की जिंदगी किस तरह बदल दी। दुर्घटनाओं में घायल हुए लोगों और उनके परिजनों के अनुभव भी सामने लाए जाएंगे।

अभियान के दौरान लोगों को सड़क दुर्घटना के बाद घायलों की मदद के लिए आगे आने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके लिए गुड सेमेरिटन और राहवीर से संबंधित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जाएगी। आमजन को बताया जाएगा कि दुर्घटना के बाद घायल को समय पर चिकित्सा सहायता और अस्पताल पहुंचाने से उसकी जान बचाई जा सकती है।

राहवीर योजना, प्रधानमंत्री राहत योजना और मुख्यमंत्री आयुष्मान जीवन रक्षा योजना का भी प्रचार-प्रसार किया जाएगा। लोगों को बेसिक लाइफ सपोर्ट (बीएलएस) प्रशिक्षण लेने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।

सड़क सुरक्षा के प्रति व्यवहार में बदलाव लाने के लिए विद्यार्थियों, युवाओं, वाहन चालकों, ट्रैक्टर चालकों और व्यावसायिक वाहन चालकों के लिए कार्यशालाएं एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होंगे। विद्यालयों और महाविद्यालयों में सड़क सुरक्षा विषयक प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी।

इसके अलावा प्रादेशिक एवं जिला परिवहन कार्यालयों में वास्तविक सड़क दुर्घटनाओं और यातायात नियमों के उल्लंघन से जुड़े वीडियो प्रदर्शित किए जाएंगे।

इन आयोजनों में परिवहन, पुलिस, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, शिक्षा, सार्वजनिक निर्माण, स्थानीय निकाय और पंचायतीराज सहित विभिन्न विभागों की भागीदारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776664 Articles

Share this story