यातायात जागरूकता अभियान में विद्यार्थियों को बताए सड़क सुरक्षा के नियम

WhatsApp Channel Join Now
यातायात जागरूकता अभियान में विद्यार्थियों को बताए सड़क सुरक्षा के नियम


जयपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एवं जन सुरक्षार्थ श्रद्धांजलि स्वरूप यातायात पुलिस की ओर से यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार को श्री अग्रसेन पब्लिक स्कूल, आगरा रोड, चिल्ड्रन एकेडमी स्कूल, बनीपार्क और एसएस जैन सुबोध कॉलेज में विद्यार्थियों को यातायात नियमों एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

श्री अग्रसेन पब्लिक स्कूल में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात पूर्व डॉ. हेमंत कुमार जाखड़ एवं पुलिस निरीक्षक यातायात पूर्व दुर्गा प्रसाद ने शिक्षा टीम के साथ छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी। वहीं चिल्ड्रन एकेडमी स्कूल में पुलिस निरीक्षक यातायात पश्चिम संपत राज ने एनसीसी कैडेट्स को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।

विद्यार्थियों को नाबालिगों के वाहन नहीं चलाने, जेब्रा लाइन से सड़क पार करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, ट्रैफिक सिग्नल की पालना सहित सुरक्षित यातायात के नियम बताए गए। दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद कर अच्छे मददगार बनने के लिए भी प्रेरित किया गया। इस दौरान यातायात जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए।

इसी क्रम में एसएस जैन सुबोध कॉलेज में भी विशेष जागरूकता कार्यक्रम हुआ, जिसमें 850 से अधिक विद्यार्थियों एवं कॉलेज स्टाफ ने भाग लिया। सहायक पुलिस आयुक्त यातायात मुकेश चौधरी ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी। वहीं साइबर अनुसंधान इकाई जयपुर पूर्व की एसीपी प्रियंका वैष्णव ने फिशिंग, ओटीपी व बैंकिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया अपराध और डिजिटल अरेस्ट से बचाव के उपाय बताए।

विद्यार्थियों को अपना ओटीपी, यूपीआई पिन, बैंक पासवर्ड और कार्ड सीवीवी साझा नहीं करने तथा अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने की सलाह दी गई। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा और साइबर अपराधों को लेकर युवाओं में जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story