पुलिया से नदी में गिरी कार, दो सगे भाइयों की मौत, तीन घायल

WhatsApp Channel Join Now
पुलिया से नदी में गिरी कार, दो सगे भाइयों की मौत, तीन घायल


सलूंबर, 28 अप्रैल (हि.स.)। जिले में सोमवार देर शाम एक सड़क हादसे में कार के पुलिया से फिसलकर नदी में गिरने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब सभी लोग एक मांगलिक कार्यक्रम से लौट रहे थे।

पुलिस के अनुसार दौलपुरा, खरका और कराकला गांव के नाथ समाज के लोग बामनिया क्षेत्र में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद शाम करीब पांच बजे वे कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बरोड़ा के पास सलूंबर मार्ग पर स्थित एक पुलिया के समीप वाहन अनियंत्रित होकर करीब पांच फीट नीचे नदी में जा गिरा। सूचना पर झल्लारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया।

झल्लारा थाने के कॉन्स्टेबल नयनपाल के अनुसार हादसे में दौलपुरा निवासी वकतनाथ (85) पुत्र दौलतनाथ और उनके छोटे भाई नाथूनाथ (80) पुत्र दौलतनाथ की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों सगे भाई थे। हादसे में कराकला निवासी गौतम नाथ (85), ओंकारनाथ (70) तथा खरका निवासी रूपनाथ (75) घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story