(अपडेट) स्कूल बस को ट्रक ने मारी टक्कर, एक छात्र की मौत
बाड़मेर, 22 अप्रैल (हि.स.)। जिले के बायतु थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक स्कूली छात्र की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक बच्चे घायल हो गए। हादसा नेशनल हाईवे-25 पर सुबह हुआ, जब बच्चों को स्कूल ले जा रही बस को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक बस को करीब 50 फीट तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे के बाद बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया और कई बच्चे सीटों के नीचे फंस गए। उन्हें बाहर निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों को जेसीबी की मदद लेनी पड़ी।
बायतु थानाधिकारी मनोहर विश्नोई के अनुसार सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल की बस में कुल 36 बच्चे सवार थे। हादसे में करीब 20 बच्चे घायल हुए। गंभीर घायलों को पहले बायतु अस्पताल और फिर बालोतरा के नाहटा हॉस्पिटल रेफर किया गया। वहां से एक गंभीर घायल छात्र विरधाराम (14) पुत्र पूराराम निवासी भीमरलाई को जोधपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। नाहटा हॉस्पिटल बालोतरा में आठ बच्चे अब भी भर्ती हैं, जिनमें कई के हाथ-पैर में फ्रैक्चर और सिर में चोटें आई हैं। घायलों में प्रेम (12), गोविंद (14), हितेश (10), प्रकाश (12), तेजपाल (9), रेखाराम (12), यशवंत (6) और अरविंद (12) शामिल हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक ने वाहन नहीं रोका और बस को घसीटते हुए आगे ले गया। बाद में वह ट्रक मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बच्चों में चीख-पुकार मच गई और वे बुरी तरह सहम गए। करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

