उदयपुर में सड़क हादसा: सास-दामाद की मौत

WhatsApp Channel Join Now
उदयपुर में सड़क हादसा: सास-दामाद की मौत


उदयपुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। उदयपुर जिले के गोगुंदा-पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में सास और दामाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 वर्षीय मासूम सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मालवा चौराहे के पास उस समय हुआ जब तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रही कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

पुलिस के अनुसार कार में सवार जोधपुर निवासी दया भट्ट (55) और उनके दामाद पुष्पराज (32) की मौके पर ही मौत हो गई। कार में उनके साथ दया भट्ट का 10 साल का पोता भी था, जो इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे को तुरंत इलाज के लिए उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

हादसा इतना भीषण था कि ट्रक की टक्कर से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसी दौरान ट्रक के पीछे से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रेलर भी अनियंत्रित होकर पलट गया। इस घटना में ट्रेलर चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं ट्रक चालक को भी चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यातायात कुछ समय के लिए बाधित हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम के भगवत सिंह झाला और बेकरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं कार में फंसे शवों को बाहर निकालकर मालवा चौराहा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।

बेकरिया थानाधिकारी उत्तम सिंह मेडतिया ने बताया कि मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। उनके उदयपुर पहुंचने के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना सामने आ रहा है।

पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक, कार और ट्रेलर को सड़क किनारे हटाकर यातायात व्यवस्था बहाल करवाई। परिजनों की लिखित रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story