राणा प्रतापनगर स्टेशन पर गूंजी किलकारी, रेलवे चिकित्सा टीम ने कराया सुरक्षित प्रसव,जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ

WhatsApp Channel Join Now
राणा प्रतापनगर स्टेशन पर गूंजी किलकारी, रेलवे चिकित्सा टीम ने कराया सुरक्षित प्रसव,जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ


उदयपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के राणा प्रतापनगर रेलवे स्टेशन पर रेलवे चिकित्सा टीम की तत्परता और सूझबूझ से एक गर्भवती महिला का सुरक्षित प्रसव कराया गया। प्रसव के बाद जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। रेलवे के अनुसार, गुरुवार सुबह 10:55 बजे स्टेशन अधीक्षक को मिली सूचना के अनुसार ट्रेन संख्या 19602 से महिला यात्री रश्मि पत्नी रतन प्रतापसिंह निवासी बड़गांव को प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर तेज प्रसव पीड़ा हो रही है। सूचना मिलते ही रेलवे अस्पताल के प्रभारी डॉ. महेश चंद मीणा के निर्देश पर एंबुलेंस सहित चिकित्सा टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

चिकित्सा टीम में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. वीना गुप्ता, मुख्य नर्सिंग अधीक्षक राकेश शर्मा तथा ड्रेसर हरकेश मीणा ने महिला की स्थिति को देखते हुए प्लेटफॉर्म पर ही आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं कीं और सुरक्षित प्रसव कराया। इसके पश्चात एंबुलेंस से मां और नवजात को एमबी अस्पताल पहुंचाया गया।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार आपात स्थिति में उत्तर पश्चिम रेलवे चिकित्सा टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मानवीय संवेदनशीलता, कर्तव्यनिष्ठा और पेशेवर दक्षता का परिचय दिया। समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने और सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने के लिए टीम के प्रयासों की सराहना की गई। रेलवे टीम की इस तत्परता से स्टेशन पर एक सुखद और राहतभरा क्षण देखने को मिला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762001 Articles

Share this story