पंचायतीराज चुनाव : झूठ के सहारे सत्ता हासिल करना चाहते है विपक्ष : शेखावत

WhatsApp Channel Join Now
पंचायतीराज चुनाव : झूठ के सहारे सत्ता हासिल करना चाहते है विपक्ष : शेखावत


जोधपुर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने सोमवार को राजस्थान पंचायतीराज चुनाव अभियान के तहत लूणी विधानसभा क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर चुनावी सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में ग्रामीणों से संवाद कर मतदान की अपील की।

भाण्डू कल्ला में केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता प्रधानमंत्री का अपमान कर रहे हैं। झूठ के सहारे सत्ता हासिल करना चाहते हैं। जनता सब जानती है और मतदान के माध्यम से अपना जवाब देती है। शेखावत ने ग्रामीणों से पंचायतीराज चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान करने का आह्वान करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार गांव-ढाणी के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। डबल इंजन सरकार के माध्यम से विकास कार्यों को गति देने के लिए पंचायतीराज संस्थाओं में भी विकास की योजनाओं को आगे बढ़ाना आवश्यक है।

फींच गांव में आयोजित चुनावी सभा में शेखावत ने ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने विकास कार्यों में जनभागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान की अपील की। खुडाला में आयोजित सभा में उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की ओर से राष्ट्रहित में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि गांवों और ढाणियों का सर्वांगीण विकास सरकार का ध्येय है। ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की गति को आगे बढ़ाने के लिए पंचायतीराज संस्थाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।

केंद्रीय मंत्री शेखावत का भाण्डू कल्ला, फींच, खुडाला, झालामंड और काकाणी सहित विभिन्न स्थानों पर सभाओं के दौरान ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत एवं अभिनंदन किया। चुनावी सभाओं के दौरान राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल, राजस्थान जीव-जन्तु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष जसवंत सिंह विश्नोई, भाजपा देहात जिलाध्यक्ष एवं जिला परिषद सदस्य प्रत्याशी त्रिभुवन सिंह भाटी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767368 Articles

Share this story