कांग्रेस में एकता सिर्फ फोटो फ्रेम तक,मन में भरे हैं मतभेद : मदन राठौड़

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस में एकता सिर्फ फोटो फ्रेम तक,मन में भरे हैं मतभेद : मदन राठौड़


जयपुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस की एकजुटता को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेता भले ही तस्वीरों में एक साथ नजर आ रहे हों, लेकिन उनके बीच मतभेद अभी भी कायम हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में एकता केवल फोटो फ्रेम तक सीमित है, जबकि नेताओं के मन में भरपूर मतभेद हैं। पंचायत चुनाव में कांग्रेस की स्थिति निकाय चुनाव से भी खराब होने का दावा करते हुए राठौड़ ने कहा कि जनता एक बार फिर भाजपा पर भरोसा जताएगी।

राठौड़ ने कहा कि यदि कांग्रेस के नेता वास्तव में एकजुट हैं तो उन्हें बार-बार एकता का संदेश देने की जरूरत क्यों पड़ रही है। कांग्रेस के भीतर वैमनस्य और आपसी खींचतान की स्थिति बनी हुई है और पंचायत चुनाव के दौरान यह फिर सामने आ सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल एकजुटता का स्वांग रच रही है।

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा कि गहलोत आज भी खुद को कांग्रेस का स्थायी प्रभारी या ‘मठाधीश’ मानकर चल रहे हैं। किसी वरिष्ठ नेता को संगठन में अपनी भूमिका को सबसे ऊपर रखने के बजाय दूसरे नेताओं को भी पर्याप्त स्थान देना चाहिए।

मदन राठौड़ ने कहा कि गहलोत यह कह रहे हैं कि सचिन पायलट इस बार पहले जैसी गलती नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि एक ओर कांग्रेस नेता एकजुटता की बात कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उनके बयानों में पुराने राजनीतिक मतभेदों की झलक दिखाई देती है। नेतृत्व और राजनीतिक प्रभाव को लेकर कांग्रेस में खींचतान लंबे समय से चर्चा में रही है।

राठौड़ ने कहा कि मंच पर नेताओं का साथ बैठना अलग बात है और जमीनी स्तर पर उनके समर्थकों तथा संगठन के बीच तालमेल होना अलग। पंचायत चुनाव में कांग्रेस की वास्तविक स्थिति जनता के सामने आ जाएगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पिछले ढाई वर्ष में भजनलाल सरकार ने जनता के लिए कई काम किए हैं। निकाय चुनाव में जनता ने जिस तरह भाजपा पर भरोसा जताया, उसी तरह पंचायत चुनाव में भी जनता सरकार के कामकाज के आधार पर भाजपा के पक्ष में समर्थन देगी। उन्होंने दावा किया कि पंचायत चुनाव में कांग्रेस को निकाय चुनाव से भी बड़ी हार का सामना करना पड़ेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story