वन्यजीव सप्ताह-2026 का समापन समारोह में विजेताओं को मिले पुरस्कार

WhatsApp Channel Join Now
वन्यजीव सप्ताह-2026 का समापन समारोह में विजेताओं को मिले पुरस्कार


वन्यजीव सप्ताह-2026 का समापन समारोह में विजेताओं को मिले पुरस्कार


जयपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। वन विभाग की ओर से ‘आवासों को जोड़ना, वन्यजीवों को समृद्ध बनाना’ थीम पर आयोजित वन्यजीव सप्ताह-2026 का गुरुवार को अरण्य भवन में समापन हुआ। समारोह में सप्ताहभर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।

समारोह में प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन बल प्रमुख) अरिजीत बनर्जी, प्रधान मुख्य वन संरक्षक पवन कुमार उपाध्याय, प्रधान मुख्य वन संरक्षक शिखा मेहरा तथा अतिरिक्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक केसीए अरुण प्रसाद सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन बल प्रमुख) अरिजीत बनर्जी ने बताया कि सप्ताहभर प्रदेश में वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता, प्राकृतिक आवासों की सुरक्षा और मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व को लेकर विभिन्न कार्यक्रम हुए। इनमें विद्यार्थियों, युवाओं, शिक्षकों, वन्यजीव प्रेमियों और आमजन ने उत्साह से भाग लिया।

चित्रकला, पोस्टर निर्माण, दीवार चित्रण, रंगोली, मुख चित्रण, फोटोग्राफी, निबंध लेखन और प्रश्नोत्तरी सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने वन्यजीव एवं प्राकृतिक आवास संरक्षण का संदेश रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया। समापन समारोह में प्रतियोगिताओं के विजेताओं और प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

इस वर्ष की थीम के माध्यम से वन्यजीवों के प्राकृतिक आवासों को आपस में जोड़ने, सुरक्षित आवागमन के लिए वन्यजीव गलियारों और पारिस्थितिक संपर्क को बनाए रखने तथा मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। बताया गया कि वन्यजीव संरक्षण के लिए संरक्षित क्षेत्रों के साथ आसपास के प्राकृतिक आवासों और वन्यजीवों के आवागमन मार्गों का संरक्षण भी जरूरी है।

समारोह में आयोजन में सहयोग करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, स्वयंसेवी संस्थाओं, वन्यजीव प्रेमियों और सहयोगी संस्थाओं का आभार जताया गया। सप्ताहभर चले कार्यक्रमों के माध्यम से वन्यजीव संरक्षण में जनभागीदारी बढ़ाने और समाज के विभिन्न वर्गों को प्रकृति से जोड़ने का संदेश दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story