ग्रीष्म कालीन अवकाश के बाद कल से खुलेगा राजस्थान हाईकोर्ट, नियमित समय पर होगी सुनवाई
जयपुर, 28 जून (हि.स.)। गर्मियों की छुट्टियों के बाद राजस्थान हाईकोर्ट में सोमवार से नियमित न्यायिक कार्य फिर शुरू हो जाएगा। एक जून से 28 जून तक चले समर वैकेशन के दौरान केवल अत्यावश्यक मामलों की सुनवाई की जा रही थी। अब मुख्यपीठ जोधपुर और जयपुर पीठ में सभी प्रकार के मामलों की नियमित सुनवाई होगी। इसके साथ ही हाईकोर्ट और अधीनस्थ अदालतों में मॉर्निंग शिफ्ट व्यवस्था समाप्त होकर नियमित समय-सारिणी लागू हो जाएगी।
हाईकोर्ट प्रशासन के अनुसार 29 जून से अदालतों में सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक नियमित रूप से कार्य होगा। गर्मी के मौसम को देखते हुए अवकाश अवधि में अदालतें प्रातःकालीन पाली में संचालित की जा रही थीं। नए रोस्टर के अनुसार राजस्थान हाईकोर्ट की मुख्यपीठ जोधपुर में 18 तथा जयपुर पीठ में 21 न्यायाधीश विभिन्न मामलों की सुनवाई करेंगे। जयपुर पीठ में चार खंडपीठ (डिवीजन बेंच) और 13 एकलपीठ (सिंगल बेंच) गठित की गई हैं। इनमें सात एकलपीठ दीवानी मामलों तथा छह एकलपीठ आपराधिक मामलों की सुनवाई करेंगी।
सोमवार से कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा भी जयपुर पीठ में न्यायिक कार्य करेंगे। वहीं प्रदेश की अधीनस्थ अदालतों में भी सोमवार से नियमित समय के अनुसार न्यायिक कार्य संपादित किए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारीक

