हरमनप्रीत कौर के वैक्स स्टैच्यू का अनावरण: अब नाहरगढ़ के हिस्टोरिका में होगा स्थापित

WhatsApp Channel Join Now
हरमनप्रीत कौर के वैक्स स्टैच्यू का अनावरण: अब नाहरगढ़ के हिस्टोरिका में होगा स्थापित


हरमनप्रीत कौर के वैक्स स्टैच्यू का अनावरण: अब नाहरगढ़ के हिस्टोरिका में होगा स्थापित


हरमनप्रीत कौर के वैक्स स्टैच्यू का अनावरण: अब नाहरगढ़ के हिस्टोरिका में होगा स्थापित


जयपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर के वैक्स स्टैच्यू का शुक्रवार को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में भव्य अनावरण किया गया। खास बात यह रही कि हरमनप्रीत ने स्वयं अपने मोम के पुतले से पर्दा हटाया। यह दुनिया की पहली महिला क्रिकेटर हैं, जिनका वैक्स स्टैच्यू तैयार किया गया है। अब इस प्रतिमा को नाहरगढ़ किले में स्थित हिस्टोरिका-स्टेप इनटू हिस्ट्री (पूर्व में जयपुर वैक्स म्यूजियम) में स्थायी रूप से स्थापित किया जाएगा।

अनावरण के दौरान सभागार तालियों से गूंज उठा। कार्यक्रम में जयपुर के नन्हे और युवा क्रिकेट खिलाड़ियों ने बल्ले उठाकर हरमनप्रीत को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस सम्मान से वह भावुक हो गईं। उन्होंने बच्चों से बातचीत की, उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं और उन्हें मेहनत करने तथा अपने सपनों पर भरोसा रखने का संदेश दिया।

इस कार्यक्रम में हरमनप्रीत कौर के जीवन पर आधारित एक फिल्म भी प्रदर्शित की गई। इसमें पंजाब के मोगा से भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी तक के उनके सफर, संघर्ष और मेहनत को दिखाया गया। फिल्म में वर्ष 2025 में भारतीय महिला टीम को पहला वनडे विश्व कप खिताब दिलाने की ऐतिहासिक उपलब्धि को भी प्रमुखता से दर्शाया गया।

हिस्टोरिका के संस्थापक अनूप श्रीवास्तव ने बताया कि वैक्स स्टैच्यू को वास्तविक रूप देने के लिए संग्रहालय की टीम ने पहले हरमनप्रीत से मुलाकात कर उनके शरीर का विस्तृत माप लिया था। इसके साथ ही फोटो और वीडियो भी तैयार किए गए, ताकि उनका जीवंत और वास्तविक आकार का मोम का पुतला बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि वैक्स स्टैच्यू के माध्यम से युवाओं, विशेषकर लड़कियों को खेल जगत में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना संग्रहालय का उद्देश्य है। हरमनप्रीत का व्यक्तित्व युवा महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

इस कार्यक्रम में हिस्टोरिका की नई पहचान और राजस्थान की वीर परंपरा का प्रतीक विशालकाय सैनिक स्टैच्यू भी अनावृत किया गया। शौर्य और साहस को दर्शाती इस प्रतिमा को भी नाहरगढ़ स्थित संग्रहालय में पर्यटकों के अवलोकन के लिए स्थापित किया जाएगा।

हिस्टोरिका में पहले से ही सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली जैसे क्रिकेटरों के वैक्स स्टैच्यू मौजूद हैं। हरमनप्रीत कौर की प्रतिमा स्थापित होने के बाद यहां पुरुष क्रिकेट के विश्व कप विजेता कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और महिला क्रिकेट की विश्व कप विजेता कप्तान हरमनप्रीत कौर की प्रतिमाएं एक साथ देखने को मिलेंगी। संग्रहालय में कल्पना चावला, साइना नेहवाल, मदर टेरेसा, राजमाता गायत्री देवी और हाड़ी रानी जैसी प्रेरणादायी महिलाओं के स्टैच्यू भी मौजूद हैं।

पूर्व में जयपुर वैक्स म्यूजियम के नाम से पहचाना जाने वाला संग्रहालय अब 'हिस्टोरिका-स्टेप इनटू हिस्ट्री' नाम से नए स्वरूप में शुरू किया जा रहा है। करीब 300 साल पुराने नाहरगढ़ किले में स्थित इस संग्रहालय को दुनिया का पहला मल्टी-एक्सपीरियंशियल हिस्ट्री म्यूजियम बताया गया है। यहां राम प्रकाश टॉकीज, शीशमहल, द रॉयल दरबार और हॉल ऑफ आइकॉन्स सहित चार प्रमुख आकर्षण हैं। शीशमहल में 25 लाख से अधिक कांच के टुकड़ों का इस्तेमाल किया गया है। संग्रहालय में 48 से अधिक प्रमुख हस्तियों के स्टैच्यू मौजूद हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776353 Articles

Share this story