धौलपुर में डांडिया गरबा नाइट में महिलाओं ने मचाई धूम

WhatsApp Channel Join Now
धौलपुर में डांडिया गरबा नाइट में महिलाओं ने मचाई धूम


धौलपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। नवरात्र महोत्सव के दौरान ड्रीम दिवास द्वारा गुरुवार रात को श्याम कॉम्प्लेक्स में डांडिया एवं गरबा नाइट का आयोजन किया गया। आयोजन में सैकड़ों महिलाओं ने रंग-बिरंगी भारतीय पारंपरिक पोशाकों में सजकर पूरे जोश और ऊर्जा के साथ डांडिया-गरबा का आनंद लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विघ्नहर्ता श्रीगणेश का स्मरण करते हुए मां दुर्गा की विधिवत आरती से किया गया। इसके पश्चात डॉ. मीमांशा ने उपस्थित महिलाओं को श्रीमाताजी निर्मला देवी द्वारा बताए गए सहजयोग ध्यान का अभ्यास कराया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि धौलपुर विधायक शोभारानी कुशवाह रहीं। उन्होंने महिलाओं के बीच पहुंचकर प्रसन्नता व्यक्त की और आयोजकों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और महिला सशक्तीकरण को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने स्वयं भी महिलाओं के साथ डांडिया किया। विशिष्ट अतिथि जिला न्यायाधीश सुश्री प्रीति नायक एवं कांग्रेस प्रवक्ता श्रीमती शालिनी शर्मा ने भी गरबा और डांडिया में उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम का आनंद उठाया। उन्होंने अपने संबोधन के दौरान वहां उपस्थित सभी महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। ड्रीम दिवास टीम की प्रमुख सदस्य सपना गर्ग ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागी महिलाओं का हार्दिक आभार व्यक्त किया। इस दौरान वे भावुक हो उठीं। उन्होंने कहा कि पिछले कई दिनों से अभ्यास के दौरान सभी महिलाओं के साथ समय बिताते-बिताते गहरी दोस्ती और आत्मीयता का रिश्ता बन गया था। अब कल से सभी की कमी महसूस होगी। आयोजन टीम में सपना गर्ग, इंदिरा जिंदल, रजनी गोयल, अंशु बंसल एवं रजनी बंसल की प्रमुख भूमिका रही। टीम ने श्याम कॉम्प्लेक्स सहित सभी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने तथा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी मेहनत और सहयोग देने पर गौरव गर्ग का विशेष आभार व्यक्त किया। ड्रीम दिवास की यह शाम संगीत, नृत्य और उत्साह के साथ महिलाओं के बीच दोस्ती, अपनत्व और खूबसूरत यादों का यादगार उत्सव बन गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762088 Articles

Share this story