ऋतुराज लोहार मौत मामले में खाचरियावास की चेतावनी: न्याय नहीं मिला तो सड़क पर उतरेंगे

WhatsApp Channel Join Now
ऋतुराज लोहार मौत मामले में खाचरियावास की चेतावनी: न्याय नहीं मिला तो सड़क पर उतरेंगे


जयपुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने मुहाना थाने में 19 वर्षीय ऋतुराज लोहार की कथित अवैध हिरासत, मारपीट और इसके बाद हुई मौत के मामले को गंभीर बताते हुए राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषी पुलिसकर्मियों और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

खाचरियावास ने आरोप लगाया कि 22 सितंबर को ऋतुराज के साथ मुहाना थाने में गंभीर मारपीट की गई, जिससे उसके सिर में चोट आई। हालत बिगड़ने पर उसे पहले दो निजी अस्पतालों में ले जाया गया और बाद में एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले को छिपाने के लिए सांप के डसने की कहानी भी सामने लाई गई। उनके अनुसार ऋतुराज को 10 एंटीवेनम इंजेक्शन लगाए गए और करीब 96 हजार रुपए का बिल भी भरा गया।

खाचरियावास ने कहा कि 22 सितंबर की घटना के बाद 5 अक्टूबर को ऋतुराज की मौत हो गई। उन्होंने सवाल उठाया कि घटना के बाद इतने दिनों तक मामले की वास्तविकता सामने क्यों नहीं आई और पुलिस प्रशासन ने कथित तौर पर सच्चाई छिपाने का प्रयास क्यों किया।

पूर्व मंत्री ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय सरकार पुलिस और थाने का बचाव कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि मामले में दोषी पुलिसकर्मियों या अधिकारियों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।

खाचरियावास ने मुख्यमंत्री से मामले की पूरी सच्चाई जनता के सामने लाने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होने तक कांग्रेस इस मुद्दे को उठाती रहेगी।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऋतुराज लोहार और उसके परिवार को न्याय नहीं मिला तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि परिवार को न्याय मिलने तक कांग्रेस हर स्तर पर संघर्ष करेगी और दोषियों को बचाने का कोई भी प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story