अंतिम छोर तक पहुंचाएं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और संगठन का संदेश -मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
अंतिम छोर तक पहुंचाएं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और संगठन का संदेश -मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा


बाड़मेर, 30 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को बाड़मेर, जैसलमेर और बालोतरा में नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के शानदार प्रदर्शन के लिए कार्यकर्ताओं एवं निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कुल 204 निकायों में भाजपा ने अपना बोर्ड बनाया है। यह ऐतिहासिक विजय संगठन और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाड़मेर के दोनों निकायों में हम विजयी रहे और 15 वर्षों बाद यहां भाजपा का बोर्ड बना है। चौहटन में तो कांग्रेस का खाता भी नहीं खुल सका है। वहीं, जैसलमेर में वर्षों बाद भाजपा का बोर्ड बना तथा बालोतरा के सभी सातों निकायों में हमारे बोर्ड बने हैं। यह व्यापक जनादेश राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे शानदार विकास कार्यों के प्रति जनता के सकारात्मक समर्थन को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश की डबल इंजन सरकार हर क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पौने तीन वर्षों में बाड़मेर में 3 हजार 907 करोड़ रुपये, बालोतरा में 34 हजार 695 करोड़ रुपये और जैसलमेर में 3 हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों से क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि केन्द्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और संगठन का संदेश अंतिम छोर तक पहुंचाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि नगर निकाय चुनावों में मिली जीत की ऊर्जा लेकर अब वे उसी जोश और दृढ़ता से पंचायती राज चुनावों में जुटें और हर गांव, हर ढाणी में विकास का कमल खिलाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story