राजस्थान विधानसभा में डोटासरा-दिलावर के बीच तीखी नोकझोंक

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान विधानसभा में डोटासरा-दिलावर के बीच तीखी नोकझोंक


जयपुर, 26 फरवरी (हि.स.)। राजस्थान विधानसभा में गुरुवार को ग्रामीण विकास और पंचायतीराज विभाग की अनुदान मांगों पर बहस के समय सदन अखाड़ा बन गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और सत्ता पक्ष के मंत्रियों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके चलते सदन में कई बार हंगामे की स्थिति पैदा हुई। डोटासरा ने जहाँ सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए, वहीं मंत्रियों ने उनके कार्यकाल के पुराने मामलों को लेकर पलटवार किया।

बहस की शुरुआत करते हुए गोविंद सिंह डोटासरा ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार एसआईआर में अपनी पसंद की लिस्ट न आने के कारण पुराने ढर्रे पर चुनाव कराना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार यहाँ बेईमानी नहीं कर सकी। इस पर संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि डोटासरा को प्रक्रिया की जानकारी नहीं है और आगामी निकाय व पंचायत चुनावों में भाजपा का ही परचम लहराएगा।

सदन में व्यक्तिगत हमलों का दौर तब शुरू हुआ जब जोगाराम पटेल ने बिड़ला ऑडिटोरियम के घटनाक्रम का जिक्र किया। इस पर डोटासरा ने तल्ख लहजे में कहा कि मेरा नाम गोविंद डोटासरा है, सांस भी निकाल लिया तो चौकड़ी भुला दूंगा। जवाबी हमले में मंत्री पटेल ने भी कहा कि चौकड़ी भुलाना हमें भी आता है।शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने डोटासरा पर पलटवार करते हुए कहा कि अभी तो 2000 करोड़ रुपये के मिड-डे मील घोटाले का फंदा आ रहा है। डोटासरा ने इसका जवाब देते हुए कहा कि वे किसी भी जांच का स्वागत करते हैं। उन्होंने दिलावर पर हमला बोलते हुए दावा किया कि मंत्री पर 14 केस दर्ज हैं और वे 6 मामलों में जमानत पर बाहर हैं, वरना सलाखों के पीछे होते। दिलावर ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनके खिलाफ राजनीतिक द्वेषवश फर्जी मुकदमे दर्ज कराए गए हैं।

डोटासरा ने चुटकी लेते हुए कहा कि सरकार डॉ. किरोड़ीलाल मीणा की लोकप्रियता से डरती है, इसलिए मदन दिलावर को उनके पीछे लगा रखा है। उन्होंने डॉ. किरोड़ी को अपना 'साढ़ू' बताते हुए उनके प्रति सहानुभूति जताई। इसके जवाब में कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने कहा कि हमने आरएसएस की शाखा में राष्ट्रभक्ति सीखी है। हमारा लक्ष्य पद नहीं, बल्कि राष्ट्र की सेवा करना है। हम पदों के पीछे नहीं भागते।

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी सरकार को घेरते हुए कहा कि यह सरकार मजदूर और किसान विरोधी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अमेरिका के साथ ट्रेड डील कर किसानों के हितों के साथ समझौता कर रही है। जूली ने चेतावनी दी कि सत्ता और बहुमत हमेशा नहीं रहता और आने वाले समय में जनता इसका जवाब देगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story