औद्योगिक क्षेत्रों के बेहतर प्रबंधन के लिए रीको कराएगा ड्रोन सर्वेक्षण

WhatsApp Channel Join Now
औद्योगिक क्षेत्रों के बेहतर प्रबंधन के लिए रीको कराएगा ड्रोन सर्वेक्षण


जयपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम (रीको) औद्योगिक क्षेत्रों के बेहतर प्रबंधन और उद्यमियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नई पहल करने जा रहा है। इसके तहत चयनित रीको औद्योगिक क्षेत्रों में ड्रोन आधारित भू-स्थानिक सर्वेक्षण कराया जाएगा। प्रारंभिक चरण में लगभग 50 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र का सर्वे कर आधुनिक डिजिटल तकनीक के माध्यम से औद्योगिक भूखण्डों, भवनों, सड़कों, भूमि उपयोग और अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्रों का डिजिटल स्वरूप तैयार करना है, ताकि भूखण्डों की वास्तविक स्थिति का आकलन करने और भूमि उपयोग से जुड़ी गतिविधियों का विश्लेषण करने में आसानी हो। सर्वेक्षण से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर द्वि-आयामी डिजिटल मानचित्र और त्रि-आयामी मॉडल विकसित किए जाएंगे। इसके साथ ही, भौगोलिक स्थिति से जुड़े आंकड़ों को भौगोलिक सूचना प्रणाली (जीआईएस) के अनुकूल तैयार किया जाएगा, जिससे औद्योगिक क्षेत्रों की योजना बनाने और विकास कार्यों को गति देने में मदद मिलेगी।

सर्वेक्षण के तहत प्रत्येक औद्योगिक भूखण्ड के लिए अलग-अलग डिजिटल विवरण पत्रिका तैयार की जाएगी। इसमें भूखण्ड की पहचान संख्या, उसकी सीमाओं, निर्माण की स्थिति, भूमि उपयोग और रीको के लागू नियमों के अनुसार संबंधित विवरण दर्ज होंगे। इससे भूखण्डों से जुड़ी जानकारी को व्यवस्थित डिजिटल स्वरूप में उपलब्ध कराने और प्रबंधन संबंधी कार्यों में सहायता मिलने की उम्मीद है।

ड्रोन सर्वेक्षण के माध्यम से औद्योगिक क्षेत्रों में मौजूद आधारभूत सुविधाओं और प्राकृतिक संसाधनों की जानकारी भी जुटाई जाएगी। इसमें विद्युत अवसंरचना, सड़कें, पेड़-पौधे और अन्य स्थल विशेषताओं की पहचान की जाएगी। साथ ही, इनकी संख्या, लंबाई और अन्य प्रासंगिक विवरणों का आकलन भी किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759806 Articles

Share this story