सेना के रिटायर्ड कर्नल ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को मारी गोली

WhatsApp Channel Join Now
सेना के रिटायर्ड कर्नल ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को मारी गोली


जयपुर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। राजधानी के श्याम नगर थाना क्षेत्र स्थित रेल नगर में गुरुवार सुबह सेना के सेवानिवृत्त कर्नल लाल सिंह (78) की गोली लगने से मौत हो गई। वह अपने घर में लहूलुहान हालत में मिले। उनके शरीर में लाइसेंसी रिवाल्वर से चली गोली लगी थी। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन कमरे में पहुंचे और उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में बीमारी से परेशान होने और अवसाद के चलते आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने पोते की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

श्याम नगर थानाधिकारी हरि सिंह दूधवाल ने बताया कि घटना गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे की है। रेल नगर निवासी सेवानिवृत्त कर्नल लालसिंह घर पर थे। इसी दौरान गोली चलने की आवाज सुनकर उनकी पत्नी, पुत्रवधू, पोता और पोती कमरे में पहुंचे। वहां लालसिंह लहूलुहान हालत में पड़े मिले। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को सवाई मानसिंह अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं।

थानाधिकारी के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लालसिंह बीमारियों से परेशान थे। इसी आधार पर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। पुलिस ने पोते की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर लिया है। परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे और एफएसएल तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की विस्तृत जांच की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765172 Articles

Share this story