लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों का सम्मान सबसे जरूरी— डॉ राधामोहन अग्रवाल

WhatsApp Channel Join Now
लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों का सम्मान सबसे जरूरी— डॉ राधामोहन अग्रवाल


अजमेर, 25 जून(हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ राधामोहन दास अग्रवाल ने आपात काल की बरसी पर तीर्थराज पुष्कर की धरती से कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों का सम्मान सबसे जरूरी है। डॉ अग्रवाल ने कहा कि भाजपा को प्रतिबंधित करने जैसी सोच लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। देश की जनता अब अपने अधिकारों को लेकर जागरूक है और लोकतंत्री की मजबूती के लिए सजग भूमिका निभा रही है।

डॉ राधामोहन दास अग्रवाल गुरुवार काे तीर्थराज पुष्कर स्थित जगतपिता ब्रह्मा मंदिर दर्शन के लिए पुष्कर पहुंचे। जहां उन्होंने तीर्थराज पुष्कर सरोवर की भी निर्जला एकादशी पर पूजा अर्चना की। इस दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री भागीरथ चौधरी, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, पूर्व सभापति कमल पाठक, भाजपा देहात जिलाध्यक्ष जीतमल प्रजापत, अरुण वैष्णव, भुवनेश पाठक सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि 25 जून 1975 से लेकर 21 मार्च 1977 तक लागू आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का काला अध्याय रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान नागरिक स्वतंत्रता, प्रेस की आजादी और विपक्ष की आवाज को दबाया गया तथा बड़ी संख्या में लोगों को जेलों में डाला गया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वालों को आज भी याद किया जाता है। कांग्रेस की ओर से लोकतंत्र को खतरे में बताए जाने पर उन्होंने कहा कि जिन्होंने स्वयं लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों का सम्मान नहीं किया उनके मुख से उम्मीद ही क्या की जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story