अगले बरस तू जल्दी आ' के जयकारों से गूंजी राजधानी, शहर में गणेश विसर्जन का दौर शुरू
जयपुर, 21 सितंबर (हि.स.)। गणेश चतुर्थी पर घर-घर और देवालयों में विराजमान हुए सिद्धि विनायक गणपति बप्पा को जलाशय में विसर्जन करने का सिलसिला भक्तिभाव के साथ शुरू हो गया है। इसी क्रम में श्रीमन्न नारायण प्रन्यास मंडल की ओर से सीकर रोड, ढहर के बालाजी स्थित श्रीमन् नारायण धाम में स्थापित गणपति प्रतिमा का अजमेर रोड स्थित जलाशय में ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच विसर्जन किया गया।
'गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ...' के उद्घोष से संपूर्ण वातावरण गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं ने नम आंखों से विघ्नहर्ता को अगले वर्ष पुन: पधारने का निमंत्रण देते हुए भावपूर्ण विदाई दी। विसर्जन से पूर्व श्रीमन् नारायण धाम में पंडित तरुण भारती एवं मेदांत शर्मा के सात्रिध्य में गणपति बप्पा की विशेष पूजा-अर्चना और महाआरती की गई।
इस अवसर पर गणेश जी महाराज को हल्दी और मेहंदी लगाने की पारंपरिक रस्म भी भक्तिमय माहौल में निभाई गई। श्रद्धालुओं ने भजनों और भक्ति गीतों की प्रस्तुतियों से वातावरण को धर्ममय बना दिया तथा परिवार व समाज में सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। कार्यक्रम में एडवोकेट कमलेश शर्मा, अंबिका शर्मा, रामबाबू शर्मा, सरोज शर्मा, ज्योति शर्मा, मनस्वी, मेदांत, मानसी और शशांक सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे।
राजधानी में विभिन्न स्थानों पर भी गणपति विसर्जन के आयोजन हुए। मानसरोवर स्थित मोती पथ पर आयोजक घनश्याम दास शर्मा, कांता देवी, दीपक गौतम, रेखा शर्मा, विनोद गौतम, मंजू शर्मा, अनूप गौतम और अर्चना गौतम ने विधि-विधान से गणपति को विदाई दी। वहीं चित्रकूट गणेश उत्सव मंडल की ओर से सेक्टर-9 में विशेष पूजा-अर्चना के बाद विसर्जन कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसके अलावा, झोटवाड़ा के नांगल जैसा बोहरा स्थित श्री दक्षिणमुखी गणेश मंदिर में चल रहे 11 दिवसीय भव्य गणेश महोत्सव के अंतिम दिन श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर गणपति बप्पा को विसर्जित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

