इंजीनियरिंग कार्यों में जोधपुर मंडल की उल्लेखनीय प्रगति

WhatsApp Channel Join Now
इंजीनियरिंग कार्यों में जोधपुर मंडल की उल्लेखनीय प्रगति


संरक्षा एवं यात्री सुविधाओं को मिली नई गति

जोधपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के नेतृत्व में वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम तिमाही के दौरान इंजीनियरिंग कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज करते हुए रेल संरक्षा, आधारभूत संरचना सुदृढ़ीकरण तथा यात्री सुविधाओं के विस्तार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।

मंडल में ट्रैक नवीनीकरण, डीप स्क्रीनिंग, टर्नआउट नवीनीकरण तथा ट्रैक अनुरक्षण कार्य निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप तीव्र गति से संचालित किए जा रहे हैं। जून 2026 तक ट्रैक रिन्यूअल, डीप स्क्रीनिंग एवं टर्नआउट नवीनीकरण सहित अनेक कार्यों में निर्धारित लक्ष्य से अधिक प्रगति दर्ज की गई है, जिससे रेल परिचालन की सुरक्षा, विश्वसनीयता एवं गति में और सुधार होगा।

डीआरएम ने बताया कि मानसून के दौरान जलभराव की संभावित समस्याओं से निपटने के लिए जोधपुर-मेड़ता, लूणी-मारवाड़ जंक्शन तथा रामदेवरा-जैसलमेर रेलखंडों में विभिन्न स्थानों पर ट्रैक लिफ्टिंग कार्य सफलतापूर्वक किए जा रहे हैं। इन कार्यों से सुरक्षित एवं निर्बाध रेल संचालन सुनिश्चित होगा। समपार फाटकों के उन्मूलन की दिशा में रोड ओवर ब्रिज एवं रोड अंडर ब्रिज निर्माण कार्य भी तेज गति से प्रगति पर हैं। कई आरओबी का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जबकि अनेक आरयूबी विभिन्न चरणों में निर्माणाधीन हैं। वर्ष 2026-27 के दौरान मंडल में कई आरयूबी सफलतापूर्वक लॉन्च किए गए हैं, जिससे रेल एवं सडक़ यातायात की सुरक्षा और सुगमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इसी क्रम में विभिन्न रेलखंडों में नए रेल पुलों की सफल लॉन्चिंग के साथ पुल निर्माण कार्यों में भी महत्वपूर्ण उपलब्धियां प्राप्त हुई हैं, जिससे रेलवे की आधारभूत संरचना और अधिक मजबूत हुई है।

उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत जैसलमेर, बाड़मेर एवं गोटन रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास लगभग पूर्ण हो चुका है। दोनों स्टेशनों पर आधुनिक स्टेशन भवन, आकर्षक प्रवेश द्वार, विशाल प्रतीक्षालय, वीआईपी कक्ष, बेहतर पार्किंग व्यवस्था, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, नए शौचालय, पेयजल सुविधाएं, कोच इंडिकेशन बोर्ड तथा 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज सहित आधुनिक यात्री सुविधाओं का विकास किया गया है।

इन कार्यों से यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं आधुनिक यात्रा अनुभव उपलब्ध होगा। इसके अतिरिक्त पीपाड़ रोड-भालरा रेलखंड में ट्रैक लिफ्टिंग, नए लघु पुलों का निर्माण, लेवल क्रॉसिंग संरचनाओं का पुनर्निर्माण, ट्रैक लिंकिंग, बैलास्टिंग तथा गुड्स शेड निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य भी तेजी से प्रगति पर हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story