रक्षाबंधन के त्याेहार पर यात्रियों को मिलेगी राहत, 55 जोड़ी रेलसेवाओं में 148 अतिरिक्त डिब्बे बढ़ाए

WhatsApp Channel Join Now
रक्षाबंधन के त्याेहार पर यात्रियों को मिलेगी राहत, 55 जोड़ी रेलसेवाओं में 148 अतिरिक्त डिब्बे बढ़ाए


जयपुर, 13 अगस्त (हि.स.)।

रक्षाबंधन के आगामी त्याेहार को देखते हुए यात्रियों की बढ़ती भीड़ एवं आवागमन की मांग को ध्यान में रखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। यात्रियों को आरामदायक एवं सुगम रेल यात्रा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से विशेष रेलसेवाओं का संचालन, विभिन्न नियमित रेलसेवाओं में अस्थायी रूप से अतिरिक्त डिब्बों की बढ़ोतरी तथा पूर्व से संचालित विशेष रेलसेवाओं के फेरों में वृद्धि की गई है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूरे अगस्त माह के दौरान 55 जोड़ी रेलसेवाओं में विभिन्न श्रेणियों के 148 अतिरिक्त डिब्बे अस्थायी रूप से बढ़ाए जा चुके हैं तथा स्पेशल रेलसेवाओं के माध्यम से अब तक कुल 192 ट्रिप नोटिफाई की जा चुकी है। इससे अधिक यात्रियों को कंफर्म सीट उपलब्ध करवाने के साथ-साथ त्यौहार के दौरान सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।

रक्षाबंधन के अवसर पर घर जाने वाले प्रवासियों एवं यात्रियों की सुविधा के लिए प्रयागराज, बांद्रा टर्मिनस, मुंबई सेंट्रल, भिवानी, सीकर, रींगस, श्रीगंगानगर, लक्ष्मीबाई नगर, लालकुआं, साबरमती, मदार, नारनौल एवं समस्तीपुर सहित देश के प्रमुख शहरों के लिए विशेष रेलसेवाएं संचालित की जा रही हैं। इसके साथ ही पहले से संचालित विशेष रेलसेवाओं के फेरों में भी वृद्धि की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story