भीषण गर्मी में मनरेगा श्रमिकों को राहत

WhatsApp Channel Join Now
भीषण गर्मी में मनरेगा श्रमिकों को राहत


जोधपुर, 01 मई (हि.स.)। भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए महात्मा गांधी नरेगा (वीबी जी रामजी) योजनान्तर्गत श्रमिकों के कार्य समय एवं कार्यस्थलों पर आवश्यक सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त जिला कार्यक्रम समन्वयक, महात्मा गांधी नरेगा आशीष कुमार मिश्रा द्वारा जोधपुर एवं फलोदी जिले के सभी कार्यक्रम अधिकारियों एवं विकास अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार कार्य अवधि निर्धारित करने के निर्देश पूर्व में जारी किए जा चुके हैं। इसी क्रम में यह भी निर्देशित किया गया है कि यदि कोई श्रमिक अथवा श्रमिक समूह निर्धारित टास्क को तय समय से पूर्व पूर्ण कर लेता है, तो मेट के पास उपलब्ध मस्टरोल में टास्क प्रपत्र में अंकन कराने के उपरांत वह कार्यस्थल छोड़ सकता है। अर्थात यदि कोई श्रमिक निर्धारित 5 घंटे की कार्य अवधि से पहले ही अपना कार्य पूर्ण कर लेता है, तो उसे अनावश्यक रूप से कार्यस्थल पर नहीं रोका जाएगा।

इसके साथ ही सभी कार्यस्थलों पर स्वच्छ एवं शीतल पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने, पंचायत स्तर पर भामाशाहों के सहयोग से छाछ, कैरी की छाछ, नींबू पानी एवं शरबत आदि उपलब्ध कराने तथा श्रमिकों के विश्राम के लिए पर्याप्त छाया की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि प्रत्येक कार्यस्थल पर प्राथमिक उपचार बॉक्स में आवश्यक संसाधन उपलब्ध रहें तथा आपात स्थिति के लिए इलेक्ट्रोल व ग्लूकोज की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही यदि कार्यस्थल पर 5 वर्ष से कम आयु के 5 से अधिक बच्चे अपनी माताओं के साथ आते हैं, तो उनकी देखभाल के लिए एक महिला श्रमिक को नियुक्त किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन व्यवस्थाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कर श्रमिकों को भीषण गर्मी से राहत प्रदान की जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story