राजस्थान को केंद्र से राहत: कॉमर्शियल एलपीजी में 10% अतिरिक्त आवंटन

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान को केंद्र से राहत: कॉमर्शियल एलपीजी में 10% अतिरिक्त आवंटन


जयपुर, 26 मार्च (हि.स.)। राजस्थान को एलपीजी आपूर्ति के मोर्चे पर बड़ी राहत मिली है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र सरकार ने राज्य के लिए 10 प्रतिशत अतिरिक्त कॉमर्शियल एलपीजी आवंटन को मंजूरी दी है।

मुख्यमंत्री ने अपनी पोस्ट में कहा कि यह बढ़ोतरी प्रदेश के व्यवसायों की ऊर्जा जरूरतों को मजबूती देगी और आर्थिक गतिविधियों को नई गति प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा पेट्रोलियम एवं गैस क्षेत्र में किए गए सुधारों और समय पर दी गई मंजूरियों के परिणामस्वरूप यह अतिरिक्त आवंटन संभव हो पाया है।

मुख्यमंत्री ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केंद्र के सहयोग से राज्य में आवश्यक सेवाओं की निर्बाध, पारदर्शी और समय पर उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।

गौरतलब है कि हाल ही में प्रदेश में एलपीजी आपूर्ति को लेकर उपभोक्ताओं को कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में कॉमर्शियल एलपीजी का अतिरिक्त आवंटन होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस फैसले से न केवल व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि गैस आपूर्ति के दबाव को भी कम करने में मदद मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story