भीषण गर्मी में राहत का अभियान: नगर निगम ने आमजन और बेजुबानों तक पहुंचाई ठंडक

WhatsApp Channel Join Now
भीषण गर्मी में राहत का अभियान: नगर निगम ने आमजन और बेजुबानों तक पहुंचाई ठंडक


जयपुर, 25 मई (हि.स.)। भीषण गर्मी एवं लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए नगर निगम जयपुर द्वारा आमजन एवं बेजुबान पशुओं को राहत प्रदान करने के लिए विशेष अभियान संचालित किया गया।

नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा के निर्देशानुसार हिंगौनिया गौशाला सहित शहर के प्रमुख क्षेत्रों में पानी का छिड़काव एवं एंटी फोगिंग गन के माध्यम से शीतलता प्रदान करने की कार्रवाई की गई। निगम द्वारा प्रमुख चैराहा मार्गों, रेड लाइट सिग्नल पर ग्रीन शेड भी लगाए गये है।

इस अभियान के अंतर्गत हिंगौनिया गौशाला में गायों एवं अन्य पशुओं को गर्मी से राहत देने के उद्देश्य से विशेष रूप से पानी का छिड़काव किया गया। नगर निगम की टीमों ने गौशाला परिसर में लगातार मॉनिटरिंग करते हुए पशुओं के लिए अनुकूल वातावरण बनाए रखने के प्रयास किये।

वहीं दूसरी ओर शहर के रामबाग, नारायण सिंह सर्किल, किशनपोल बाजार, ट्रांसपोर्ट नगर, जनता कॉलोनी, सेठी कॉलोनी, अशोक नगर तथा एसएमएस अस्पताल के बाहर भी एंटी फोगिंग गन एवं पानी के छिड़काव के माध्यम से आमजन को राहत प्रदान की गई। नगर निगम द्वारा जयपुर शहर के विभिन्न स्थानों पर जनसहयोग तथा गैर सरकारी संगठनों के माध्यम से श्वानों व पक्षियों के लिये पानी की टंकिया लगवाई गई है।

नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने बताया कि नगर निगम केवल शहर की स्वच्छता ही नहीं बल्कि नागरिकों एवं बेजुबान पशुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के प्रति भी पूर्णतः संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के प्रभाव को कम करने के लिए निगम द्वारा निरंतर राहत कार्य किये जा रहे हैं ताकि आमजन को गर्म हवाओं एवं अत्यधिक तापमान से राहत मिल सके।

उन्होंने कहा कि हिंगौनिया गौशाला में पशुओं की देखभाल नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है तथा गर्मी के मौसम में विशेष व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जा रही हैं। नगर निगम की टीमें आगामी दिनों में भी विभिन्न क्षेत्रों में राहत कार्य जारी रखेंगी।

नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि गर्मी के इस दौर में बेजुबान श्वानों एवं अन्य पशुओं के लिए अपने घरों एवं आसपास पानी और भोजन की व्यवस्था अवश्य करें, ताकि मानवता और संवेदनशीलता का यह भाव समाज में और मजबूत हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story