उत्तर पश्चिम रेलवे में “रेल स्वास्थ्य सार” ई-पत्रिका का विमोचन

WhatsApp Channel Join Now
उत्तर पश्चिम रेलवे में “रेल स्वास्थ्य सार” ई-पत्रिका का विमोचन


जयपुर, 20 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के चिकित्सा विभाग द्वारा सेवारत कर्मचारियों, पेंशनरों एवं उनके परिजनों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी सरल और सुलभ भाषा में उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को प्रधान कार्यालय में “रेल स्वास्थ्य सार” ई-पत्रिका के प्रथम संस्करण का विमोचन किया गया।

ई-पत्रिका का विमोचन महाप्रबंधक अमिताभ द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह पहल रेलवे में स्वास्थ्य संवाद को सुदृढ़ करने की दिशा में एक दूरदर्शी कदम है, जो रेल परिवार तक समयानुसार चिकित्सकीय जानकारी और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की सटीक जानकारी पहुंचाने में सहायक होगी।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार “रेल स्वास्थ्य सार” ई-पत्रिका का उद्देश्य कर्मचारियों, पेंशनरों और उनके परिजनों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें अद्यतन और प्रमाणिक चिकित्सा जानकारी उपलब्ध कराना है।

ई-पत्रिका में विभिन्न रोगों की रोकथाम, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, मानसिक स्वास्थ्य और जीवनशैली से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों के लेख प्रकाशित किए जाएंगे। इसके साथ ही रेलवे अस्पतालों में उपलब्ध उन्नत चिकित्सा सुविधाओं, जटिल शल्यक्रियाओं और विशेष उपचार सेवाओं की जानकारी भी दी जाएगी।

इस अवसर पर ई-पत्रिका के प्रधान संपादक डॉ. राम मटोरिया ने विश्वास जताया कि यह पहल भारतीय रेल परिवार के स्वास्थ्य और जागरूकता को नई दिशा देगी। उन्होंने कहा कि यह ई-पत्रिका “कागज बचाओ, पेड़ बचाओ, धरती बचाओ” के संदेश को भी आगे बढ़ाती है।

विमोचन कार्यक्रम में अपर महाप्रबंधक अशोक महेश्वरी, वरिष्ठ उपमहाप्रबंधक शिवेंद्र मोहन, प्रमुख मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. के. कृष्ण कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को समयानुकूल और उपयोगी बताते हुए सराहना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story