नौ माह बाद भी शारीरिक शिक्षकों का स्थायीकरण नहीं
जोधपुर, 30 मई (हि.स.)। राजस्थान शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ के प्रदेशाध्यक्ष हापुराम चौधरी व प्रदेश संयुक्त संगठन मंत्री महेंद्र जयपाल ने आज सर्किट हाउस में संसदीय कार्य, विधि व न्याय मंत्री जोगाराम पटेल से मिलकर 2022 की भर्ती के शारीरिक शिक्षकों के स्थायीकरण व वेतन नियमितीकरण की मांग की।
प्रदेश अध्यक्ष चौधरी ने मंत्री को अवगत करवाया कि 2022 की भर्ती के शारीरिक शिक्षक जिनके दस्तावेज सत्यापित कर लिए गए हैं एवं सही पाए गए हैं, उनका स्थायीकरण व वेतन नियमितीकरण तुरन्त किया जाए। ये कार्मिक जांच लंबित है के नाम पर आर्थिक व मानसिक रूप से परेशान हैं। साथ ही स्थायीकरण नहीं होने के कारण इनको परिवार का खर्चा चलाना दूभर हो रहा है। विभाग के द्वारा जांच के बाद सही पाए गए अभ्यर्थियों का तुरन्त स्थायीकरण किया जाए। जिन कार्मिकों के दस्तावेज संदिग्ध लग रहे हैं उन्हें रोक सकते हैं, लेकिन सही को आर्थिक व मानसिक पीड़ा से बचाया जाना चाहिए।
विधि मंत्री जोगाराम पटेल ने जल्द न्यायोचित व सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया। प्रतिनिधि मंडल में देवेंद्र सिंह चौहान, दिनेश सांखला, वीरेंद्र सारण, राजेंद्र सिंह भाटी, महिपाल, लुंबाराम वैष्णव, दिनेश मेघवाल उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

