जोधपुर ग्रामीण पुलिस : रात्रि में पैदल रामदेवरा जाने वाले श्रद्धालुओं को पहनाए रिफ्लेक्टिव एप्रिन

WhatsApp Channel Join Now
जोधपुर ग्रामीण पुलिस : रात्रि में पैदल रामदेवरा जाने वाले श्रद्धालुओं को पहनाए रिफ्लेक्टिव एप्रिन


जोधपुर, 12 सितम्बर (हि.स.)। रामदेवरा मेले के समय रात्रि में पैदल यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने अभिनव पहल शुरू की। जिला पुलिस अधीक्षक पंकज यादव के निर्देशन में पैदल यात्रियों को रिफ्लेक्टिव एप्रिन पहनाए गए, ताकि रात के अंधेरे में वाहन चालकों को श्रद्धालु दूर से ही स्पष्ट दिखाई दे सकें और सडक़ दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।

रामदेवरा मेले में हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न क्षेत्रों से पैदल यात्रा करते हुए बाबा रामदेव के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। रात के समय सडक़ों पर पैदल यात्रियों की संख्या बढऩे तथा तेज गति से वाहनों की आवाजाही के कारण हादसे का खतरा बना रहता है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वरलाल के सुपरविजन तथा वृताधिकारी औसियां प्रदीप सिंह चारण के नेतृत्व में पुलिस थाना औसियां की थानाधिकारी विजयश्री ने रामदेवरा जाने वाले पैदल श्रद्धालुओं को रिफ्लेक्टिव एप्रिन वितरित किए और पहनाए। इन एप्रिन पर वाहन की रोशनी पडऩे पर वे चमकते हैं, जिससे अंधेरे में पैदल यात्री वाहन चालकों को दूर से दिखाई दे जाते हैं।

पुलिस टीम ने श्रद्धालुओं को सडक़ के किनारे चलने, यातायात नियमों की पालना करने, समूह में एवं सावधानीपूर्वक यात्रा करने तथा वाहनों की आवाजाही के प्रति सतर्क रहने की समझाइश भी दी। पुलिस ने बताया कि मेले के समय श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के साथ सडक़ दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story