अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 16.18 करोड़ से संवरा बाड़मेर रेलवे स्टेशन
जयपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत उत्तर पश्चिम रेलवे ने बाड़मेर रेलवे स्टेशन का लगभग 16.18 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया है। आधुनिक यात्री सुविधाओं से सुसज्जित यह स्टेशन अब यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराएगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि बाड़मेर रेलवे स्टेशन क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण रेलवे केंद्र है। बाड़मेर में तेल एवं गैस, ऊर्जा तथा बेंटोनाइट, जिप्सम और नमक जैसे खनिज आधारित उद्योगों के विकास से आर्थिक गतिविधियां तेजी से बढ़ी हैं। औद्योगीकरण के कारण होटल, शिक्षा और परिवहन सेवाओं की मांग में भी वृद्धि हुई है। वर्तमान में स्टेशन पर 28 ट्रेनों का ठहराव है तथा प्रतिदिन लगभग आठ हजार यात्री यहां से यात्रा करते हैं। उन्होंने बताया कि पुनर्विकास कार्य के तहत स्टेशन पर पृथक प्रवेश और निकास द्वार, आधुनिक सर्कुलेटिंग एरिया, भू-दृश्य विकास, ऑटो, दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग पार्किंग, यात्रियों के लिए पोर्च तथा दोगुनी ऊंचाई वाला मुख्य प्रवेश द्वार बनाया गया है।स्टेशन पर महिलाओं और पुरुषों के लिए पृथक आधुनिक प्रतीक्षालय, रिटायरिंग रूम, डोरमेट्री, नया वीआईपी अतिथि कक्ष, स्टेशन अधीक्षक कार्यालय, मौजूदा फुट ओवर ब्रिज पर लिफ्ट तथा 12 मीटर चौड़े नए फुट ओवर ब्रिज का निर्माण किया गया है। इसके अलावा नए प्लेटफॉर्म शेल्टर, दिव्यांगजन अनुकूल शौचालय एवं पेयजल बूथ, बेहतर साइनेज, स्मारकीय ध्वज, आकर्षक होर्डिंग्स तथा उच्च गुणवत्ता वाले फर्नीचर भी उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बाड़मेर रेलवे स्टेशन का कायाकल्प भारतीय रेल की आधुनिक, सुरक्षित, पर्यावरण अनुकूल और यात्री-केंद्रित रेलवे प्रणाली के विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इससे क्षेत्रीय आधारभूत संरचना मजबूत होगी, सामाजिक एवं आर्थिक विकास को गति मिलेगी तथा पर्यटन के क्षेत्र में भी बाड़मेर की पहचान और सुदृढ़ होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

