चतुर्थ श्रेणी भर्ती के 5089 चयनित अभ्यर्थी 13 अगस्त तक भर सकेंगे ऑनलाइन ऑप्शन फॉर्म

WhatsApp Channel Join Now
चतुर्थ श्रेणी भर्ती के 5089 चयनित अभ्यर्थी 13 अगस्त तक भर सकेंगे ऑनलाइन ऑप्शन फॉर्म


जयपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा-2024 के तहत चयनित अभ्यर्थियों के राज्य में संभागीय आयुक्त एवं जिला कलक्टर कार्यालयों के लिए आवंटन हेतु ऑनलाइन ऑप्शन फॉर्म भरने की प्रक्रिया आगामी 13 अगस्त की शाम 5 बजे तक पूरी की जाएगी।

राजस्व मंडल के अतिरिक्त निबंधक कैलाश चन्द्र शर्मा ने बताया कि इन कार्यालयों के लिए कुल 5089 चयनित अभ्यर्थियों का आवंटन किया जाना है। राजस्व मंडल के माध्यम से ऑनलाइन लिंक पर जाकर अभ्यर्थी कार्यालय आवंटन के लिए प्राथमिकता भर सकेंगे।

अभ्यर्थियों को सुझाव दिया गया है कि विकल्प के पेज का प्रिंट निकाल लें और उसमें अपनी वरीयता निर्धारित करते हुए ऑनलाइन वरीयता भरें। ऑफलाइन वरीयता स्वीकार नहीं की जाएगी। एक बार वरीयता सबमिट हो जाने के बाद किसी भी प्रकार का बदलाव संभव नहीं होगा।

प्रशासनिक सुधार (अनुभाग-3) विभाग द्वारा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संयुक्त सीधी भर्ती-2024 में अंतिम रूप से गैर अनुसूचित क्षेत्र के 4508 तथा अनुसूचित क्षेत्र के 581, कुल 5089 चयनित अभ्यर्थियों को राजस्व मंडल अजमेर के अधीन जिला कलक्टर एवं संभागीय आयुक्त आवंटन के लिए अनुशंसा की गई है।

किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या के समाधान के लिए अभ्यर्थी पीबीएक्स 0145-2627163, 2627023, 2627024, 2627620, 2627862 और 2627768 पर किसी भी कार्य दिवस में सुबह 10 से शाम 5 बजे के मध्य संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा ईमेल आईडी [bor-ri@nic.in](mailto:bor-ri@nic.in) पर अपने आवेदन में अंकित ई-मेल आईडी से समस्या के समाधान के लिए संपर्क किया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story