बाड़ी क्षेत्र में 11 राशन डीलरों पर वसूली कार्रवाई
जयपुर, 26 फ़रवरी (हि.स.)। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने गुरुवार को विधानसभा में जानकारी दी कि बाड़ी विधानसभा क्षेत्र में 11 उचित मूल्य की दुकानों के संचालकों के विरुद्ध वसूली की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि संबंधित मामलों में पीडीआर एक्ट के तहत राशन डीलरों से राशि वसूलने के लिए प्रकरण तैयार कर जिला कलेक्टर को भेजे जाने की प्रक्रिया जारी है।
प्रश्नकाल के दौरान विधायक जसवंत सिंह गुर्जर द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर में मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में अटैचमेंट पर संचालित हो रही उचित मूल्य दुकानों की रिक्तियां घोषित कर विज्ञप्ति जारी की गई थी, जिसके बाद अब तक 720 दुकानों का आवंटन किया जा चुका है। शेष दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया भी शीघ्र पूर्ण कर ली जाएगी।
मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य पात्र लाभार्थियों को समय पर और पारदर्शी तरीके से खाद्यान्न उपलब्ध कराना है, इसके लिए निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

