पुलिस थानों में स्वागत कक्ष व हेल्प डेस्क की पहल
जोधपुर, 15 अपै्रल (हि.स.)। पुलिस की कार्यप्रणाली को आमजन के अनुकूल बनाने और उसकी छवि सुधारने के लिए प्रदेशभर में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जोधपुर कमिश्ररेट में एक नई पहल देखने को मिल रही है, जहां थानों में स्वागत कक्ष की स्थापना की गई है। यह पहल फरियादियों को सहज और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
दरअसल पिछली सरकार के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा थानों में व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए गए थे। उसी दिशा में आगे बढ़ते हुए अब जोधपुर कमिश्ररेट पुलिस ने बासनी, सूरसागर आदि थानों में यह आदर्श व्यवस्था विकसित की है। इसके साथ ही माता का थान थाना में हेल्प डेस्क कक्ष भी शुरू किया गया है। इस स्वागत कक्ष का मुख्य उद्देश्य यह है कि थाने में आने वाला हर फरियादी सबसे पहले यहीं पहुंचे, जहां उसकी समस्या को ध्यानपूर्वक सुना जाएगा और आवश्यकतानुसार तुरंत कार्रवाई शुरू की जाएगी।
स्वागत कक्ष में फरियादियों के बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है। इसके अलावा एक अलग कमरा भी तैयार किया गया है, जहां टीवी सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि फरियादी आरामदायक माहौल में अपनी शिकायत दर्ज करवा सके। इस व्यवस्था से न केवल लोगों को सुविधा मिलेगी, बल्कि पुलिस और आमजन के बीच संवाद भी बेहतर होगा। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस तरह की पहल से पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ेगा और अपराधियों में भय का माहौल बनेगा। साथ ही, फरियादियों को तुरंत राहत देने की दिशा में भी यह एक प्रभावी कदम साबित होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

