री-नीट परीक्षा अभ्यर्थियों के लिए चलेंगी तीन स्पेशल ट्रेनें

WhatsApp Channel Join Now
री-नीट परीक्षा अभ्यर्थियों के लिए चलेंगी तीन स्पेशल ट्रेनें


जोधपुर, 20 जून (हि.स.)। री-नीट परीक्षा-2026 में शामिल होने वाले हजारों अभ्यर्थियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। रेल प्रशासन का उद्देश्य परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक समय पर, सुरक्षित और सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है। इसके तहत जोधपुर मंडल पर तीन परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।

जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि अभ्यर्थियों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए बाड़मेर-भगत की कोठी-बाड़मेर, भगत की कोठी-जयपुर तथा जोधपुर-सांगानेर-जोधपुर स्टेशनों के बीच विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की गई है, जिससे अभ्यर्थियों को नियमित ट्रेनों की भीड़ से राहत मिल सके। ट्रेन संख्या 04843 बाड़मेर-भगत की कोठी परीक्षा स्पेशल 21 जून को सुबह 5.30 बजे बाड़मेर से रवाना होकर सुबह 9.30 बजे भगत की कोठी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04844 उसी दिन शाम 7.20 बजे भगत की कोठी से प्रस्थान कर रात 11.30 बजे बाड़मेर पहुंचेगी।

ट्रेन रास्ते में बायतु, बालोतरा,समदड़ी और लूनी स्टेशन पर ठहरेगी। वहीं ट्रेन संख्या 04841 भगत की कोठी-जयपुर (एकतरफा) परीक्षा स्पेशल 21 जून को शाम 6.45 बजे भगत की कोठी से रवाना होकर देर रात 12.45 बजे जयपुर पहुंचेगी। ट्रेन जोधपुर, राईका बाग, बनाड़, गोटन, मेड़ता रोड, डेगाना, मकराना, कुचामन और फुलेरा स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इस ट्रेन में जनरल और स्लीपर श्रेणी के सभी डिब्बे अनारक्षित रहेंगे तथा 8 कोच के साथ 2 एसएलआर लगाए जाएंगे। इसी तरह ट्रेन संख्या 04845 जोधपुर-सांगानेर परीक्षा स्पेशल 20 जून की रात 11 बजे जोधपुर से रवाना होकर अगले दिन सुबह 8 बजे सांगानेर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04846 शाम 7 बजे सांगानेर से चलकर रात 1.30 बजे जोधपुर पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 10 डिब्बे लगाए गए हैं, जिनमें जनरल, अनारक्षित स्लीपर तथा गार्ड एसएलआर कोच शामिल हैं। ट्रेन आवागमन में राईका बाग, बनाड़, गोटन, मेड़ता रोड, रेन, डेगाना, मकराना, कुचामन जईटी, नावा सिटी, फुलेरा व जयपुर स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story