री-नीट परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे चलाएगा 7 परीक्षा स्पेशल ट्रेनें
जयपुर, 19 जून (हि.स.)। री-नीट परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे ने सात परीक्षा स्पेशल रेलसेवाओं के संचालन की व्यवस्था की है। इन विशेष ट्रेनों के माध्यम से परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने और वापस लौटने में सुविधा मिलेगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि गाड़ी संख्या 09741 रेवाड़ी-बठिंडा परीक्षा स्पेशल रेलसेवा 20 जून को रेवाड़ी से रात 10.30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 6.50 बजे बठिंडा पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09742 बठिंडा-रेवाड़ी परीक्षा स्पेशल रेलसेवा 21 जून को बठिंडा से शाम 7.45 बजे रवाना होकर अगले दिन तड़के 3.20 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी।
यह रेलसेवा मार्ग में कोसली, झाड़ली, चरखी दादरी, भिवानी, हांसी, हिसार, मंडी आदमपुर, भट्टू, सिरसा, कालांवाली और रामां स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इस ट्रेन में 10 साधारण श्रेणी तथा 2 गार्ड डिब्बों सहित कुल 12 कोच लगाए जाएंगे।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 04843 बाड़मेर-भगत की कोठी परीक्षा स्पेशल रेलसेवा 21 जून को सुबह 5.30 बजे बाड़मेर से रवाना होकर सुबह 9.30 बजे भगत की कोठी पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04844 भगत की कोठी-बाड़मेर परीक्षा स्पेशल रेलसेवा 21 जून को शाम 7.20 बजे भगत की कोठी से रवाना होकर रात 11.30 बजे बाड़मेर पहुंचेगी।
यह रेलसेवा मार्ग में बायतू, बालोतरा, समदड़ी और लूनी स्टेशनों पर ठहराव करेगी। रेलवे प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से स्टेशन पहुंचने और यात्रा संबंधी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

