री-नीट परीक्षा कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू, जयपुर के 103 केंद्रों पर 37 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल
जयपुर, 21 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (री-नीट स्नातक-2026) रविवार को राजधानी जयपुर में कड़े सुरक्षा प्रबंधों और त्रिस्तरीय निगरानी व्यवस्था के बीच आयोजित की गई। शहर के 103 परीक्षा केंद्रों पर कुल 37,108 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। प्रश्नपत्र लीक और नकल जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जिला प्रशासन और राष्ट्रीय परीक्षा अभिकरण ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्थाएं की हैं।
परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की गई। इस बार अभ्यर्थियों को 15 मिनट अतिरिक्त समय दिया गया है, जिससे परीक्षा अवधि 180 मिनट से बढ़कर 195 मिनट हो गई। दिव्यांग अभ्यर्थियों को निर्धारित समय के अतिरिक्त 20 मिनट का अतिरिक्त समय भी उपलब्ध कराया गया।
जिला कलेक्टर संदेश नायक परीक्षा व्यवस्थाओं की सतत निगरानी कर रहे हैं। अतिरिक्त जिला कलक्टर (पूर्व) नरेंद्र वर्मा को जिला नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए 24 राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारियों को उड़नदस्ता अधिकारी एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किया गया है। प्रत्येक ड्यूटी मजिस्ट्रेट को चार परीक्षा केंद्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जयपुर में बनाए गए 103 परीक्षा केंद्रों में 84 राजकीय विद्यालय तथा 19 निजी विद्यालय शामिल हैं। इनमें 25,900 अभ्यर्थी राजकीय विद्यालयों और 11,208 अभ्यर्थी निजी विद्यालयों में परीक्षा दे रहे हैं।
अभ्यर्थियों को सुबह 11 बजे से परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। दोपहर 1:30 बजे प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए, जिसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। प्रश्नपत्र दोपहर 1:55 बजे वितरित किए गए और परीक्षा निर्धारित समय पर शुरू हुई। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक जांच, पहचान सत्यापन, शारीरिक तलाशी और अन्य सुरक्षा प्रक्रियाएं अपनाई गईं। जेएलएन मार्ग स्थित एक परीक्षा केंद्र पर छात्राओं के बालों तक की जांच के बाद प्रवेश दिया गया। गांधी नगर और चौड़ा रास्ता सहित विभिन्न केंद्रों पर पुलिस तथा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे।
इस बार परीक्षा में तीन प्रमुख बदलाव किए गए हैं। इनमें परीक्षा अवधि में 15 मिनट की वृद्धि, दो अलग-अलग पुस्तिकाओं के स्थान पर एकीकृत प्रश्नपत्र तथा प्रश्नपत्र के प्रारूप में बदलाव शामिल हैं, जिससे प्रश्न पढ़ने और उत्तर देने में अधिक सुविधा हो सके। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, संकेत अवरोधक यंत्र, बायोमेट्रिक सत्यापन प्रणाली तथा अन्य तकनीकी निगरानी व्यवस्थाएं स्थापित की गई हैं। मोबाइल फोन, स्मार्ट घड़ी, ब्लूटूथ उपकरण, ईयरफोन, गणक यंत्र सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। अभ्यर्थियों को केवल पारदर्शी पानी की बोतल साथ ले जाने की अनुमति दी गई।
परीक्षा सामग्री और प्रश्नपत्र केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की सुरक्षा में सभी केंद्रों तक पहुंचाए गए। परीक्षा से एक दिन पूर्व जिला प्रशासन, पुलिस अधिकारियों और पर्यवेक्षण दलों ने सभी केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की थी। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी विशेष पुलिस दल तैनात किए गए हैं, जो बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं।
प्रशासन का दावा है कि बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, कड़ी निगरानी और तकनीकी संसाधनों के उपयोग से परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलमुक्त वातावरण में संपन्न कराया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

