कड़े पहरे में संपन्न हुई री-नीट परीक्षा : प्रशासन-पुलिस ने संभाली कमान

WhatsApp Channel Join Now
कड़े पहरे में संपन्न हुई री-नीट परीक्षा : प्रशासन-पुलिस ने संभाली कमान


कड़े पहरे में संपन्न हुई री-नीट परीक्षा : प्रशासन-पुलिस ने संभाली कमान


कड़े पहरे में संपन्न हुई री-नीट परीक्षा : प्रशासन-पुलिस ने संभाली कमान


कड़े पहरे में संपन्न हुई री-नीट परीक्षा : प्रशासन-पुलिस ने संभाली कमान


जयपुर, 21 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) की पुनः परीक्षा रविवार को राजधानी जयपुर में कड़े सुरक्षा प्रबंधों और प्रशासनिक निगरानी के बीच शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। जयपुर जिले के 103 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में 37 हजार 128 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। जिनमें से 34 हजार 31 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 3,097 अनुपस्थित रहे। इस प्रकार कुल उपस्थिति 91.66 प्रतिशत दर्ज की गई।

परीक्षा दोपहर 2 बजे शुरू होकर शाम 5:15 बजे समाप्त हुई। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने अभ्यर्थियों को 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया। परीक्षा समाप्त होने के बाद 22 गोदाम सर्किल, परकोटा क्षेत्र के प्रमुख बाजारों तथा शहर के कई व्यस्त मार्गों पर परीक्षार्थियों और उनके परिजनों की भीड़ उमड़ने से यातायात व्यवस्था प्रभावित रही और कई स्थानों पर वाहन रेंगते नजर आए।परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए इस बार अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले थ्री-लेयर सिक्योरिटी जांच से गुजरना पड़ा। जेएलएन मार्ग स्थित पोद्दार स्कूल सहित कई केंद्रों पर पुलिसकर्मियों ने मेटल डिटेक्टर की सहायता से अभ्यर्थियों के बालों तक की गहन जांच की। निर्धारित समय के अनुसार दोपहर 1:30 बजे परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए और इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया गया। गांधी नगर स्थित केंद्रों पर अंतिम समय तक लाउडस्पीकर के माध्यम से अभ्यर्थियों को समय पर पहुंचने के निर्देश दिए जाते रहे।

सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर राजस्थान पुलिस के साथ केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान तैनात रहे। सीआरपीएफ की निगरानी में ही प्रश्न पत्र परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाए गए। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे एवं जैमर लगाए गए थे। वहीं एहतियात के तौर पर परीक्षा केंद्रों के आसपास संचालित साइबर कैफे और ई-मित्र केंद्रों की इंटरनेट सेवाएं भी बंद रखी गईं।

जिला कलेक्टर संदेश नायक ने स्वयं परीक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग करते हुए महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल गांधी नगर, शहीद अभय कुमार पारीक सीनियर सेकेंडरी स्कूल सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके अलावा केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1, 3 और 4, पोद्दार स्कूल, महात्मा गांधी स्कूल आदर्श नगर, मिंट के दोनों विद्यालय, माहेश्वरी पब्लिक स्कूल तथा आदर्श स्कूल सिंधी कॉलोनी बनीपार्क सहित अन्य केंद्रों की भी लगातार निगरानी की गई।

नीट पुनः परीक्षा के नोडल प्रशासनिक अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर नरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि जिला कलेक्टर के साथ 15 परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया, जबकि 24 मोबाइल ड्यूटी मजिस्ट्रेट्स ने पुलिस, एनटीए अधिकारियों तथा चिकित्सा एवं शिक्षा विभाग की टीमों के साथ समन्वय स्थापित कर परीक्षा केंद्रों की सघन मॉनिटरिंग की। जिला प्रशासन ने सभी केंद्रों पर सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।

वहीं जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने चौड़ा रास्ता स्थित सरकारी विद्यालय परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त निगरानी में परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story