आरसीए चुनाव का बिगुल बजा: 29 सितंबर को 38 वोटर तय करेंगे आरसीए की नई टीम

WhatsApp Channel Join Now
आरसीए चुनाव का बिगुल बजा: 29 सितंबर को 38 वोटर तय करेंगे आरसीए की नई टीम


जयपुर, 23 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) के चुनाव के लिए बुधवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले ही दिन दौसा जिला क्रिकेट संघ की अध्यक्ष शोभना गुर्जर ने कार्यकारी सदस्य पद के लिए नामांकन दाखिल कर आरसीए के चुनावी इतिहास में पहली महिला दावेदार के रूप में नाम दर्ज कराया। नामांकन 26 सितंबर तक होंगे और 29 सितंबर को मतदान होगा।

अध्यक्ष पद के लिए पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह, चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के बेटे धनंजय सिंह, भाजपा विधायक जसवंत यादव के बेटे मोहित यादव और पूर्व कन्वीनर दीनदयाल कुमावत के नाम प्रमुखता से चर्चा में हैं। इनके अलावा उदयपुर जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष लक्ष्यराज सिंह मेवाड़, डूंगरपुर जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष गौरव वल्लभ और श्रीगंगानगर जिला क्रिकेट संघ के कोषाध्यक्ष जयदीप बिहानी के नाम भी अध्यक्ष पद की दावेदारी में बताए जा रहे हैं।

सचिव पद के लिए आशीष तिवाड़ी, पिंकेश जैन, बृज किशोर उपाध्याय, सोमेंद्र तिवारी और रतन सिंह के नाम चर्चा में हैं। उपाध्यक्ष पद पर पवन दिलावर और विक्रम देवासी के नाम सामने आए हैं। कोषाध्यक्ष पद के लिए पिंकेश जैन, आशीष तिवाड़ी, क्षितिज अग्रवाल और सुशील जैन के नाम चर्चा में हैं। संयुक्त सचिव पद के लिए गोविंद स्वरूप उपाध्याय, धर्मवीर सिंह शेखावत, सुशील जैन और मनोज चौधरी के नाम बताए जा रहे हैं। मनोज शर्मा, मुकेश शाह और अभिषेक शर्मा भी विभिन्न पदों की दावेदारी में चर्चा में हैं।

आरसीए की छह सदस्यीय कार्यकारिणी में एक सदस्य पद के लिए जिला क्रिकेट संघों के सचिव देवाराम चौधरी और सतीश व्यास के नाम सामने आए हैं। अंतिम मतदाता सूची में 38 मतदाताओं को मतदान का अधिकार मिला है। इनमें जिला क्रिकेट संघों के प्रतिनिधि, जयपुर और नागौर की एडहॉक कमेटियों के कन्वीनर तथा दो पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल हैं।

चुनाव में अध्यक्ष और सचिव पद के समीकरणों का असर उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष और संयुक्त सचिव पदों पर भी पड़ने की संभावना है। नामांकन, जांच और नाम वापसी के बाद तस्वीर और स्पष्ट होगी। 29 सितंबर को मतदान के बाद मतगणना और परिणाम घोषित किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story