(अपडेट)...आरबीएसई 10वीं का रिजल्ट जारी: 94.23% रहा परिणाम, लड़कियां फिर आगे

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट)...आरबीएसई 10वीं का रिजल्ट जारी: 94.23% रहा परिणाम, लड़कियां फिर आगे


अजमेर, 24 मार्च (हि.स.)। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (आरबीएसई) ने मंगलवार को 10वीं का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया। इस वर्ष कुल परिणाम 94.23 प्रतिशत रहा, जो पिछले साल के 93.06 प्रतिशत से 1.17 प्रतिशत अधिक है।

माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अजमेर स्थित कार्यालय से शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने दोपहर करीब एक बजे रिजल्ट की घोषणा की। इस बार भी लड़कियां परिणाम में आगे रहीं। लड़कों का परिणाम 93.63 प्रतिशत, जबकि लड़कियों का परिणाम 94.90 प्रतिशत रहा।

रिजल्ट जारी होने के तुरंत बाद बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट कई जगह धीमी पड़ गई या खुलने में दिक्कत आने लगी। इसके चलते बड़ी संख्या में विद्यार्थी अपना परिणाम देखने में परेशानी का सामना कर रहे हैं। यह पहला मौका है जब 10वीं का परिणाम 12वीं से पहले जारी किया गया है। साथ ही मार्च माह में रिजल्ट घोषित होना भी बोर्ड के इतिहास में पहली बार हुआ है।

राज्य सरकार द्वारा एक अप्रैल से नया शैक्षणिक सत्र शुरू करने के निर्देशों के चलते इस बार परिणाम समय से पहले जारी किया गया।

इस वर्ष 10वीं बोर्ड परीक्षा में 10 लाख 68 हजार 109 विद्यार्थियों ने भाग लिया था। परीक्षाएं 12 फरवरी से शुरू हुई थीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story