रवि पुष्य योग से शुरू होगा दीपावली की खरीदारी का महामुहूर्त
जयपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। दीपावली से पहले खरीदारी के शुभ मुहूर्तों का सिलसिला रविवार, 1 नवंबर को रवि पुष्य योग के साथ शुरू होगा। इसके बाद धनतेरस और दीपावली तक लगातार आठ दिन खरीदारी के विशेष संयोग बनेंगे। इस दौरान सोने-चांदी के आभूषण और सिक्के, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स, घरेलू सामान खरीदने के साथ नए कारोबार की शुरुआत तथा मकान-जमीन के सौदे भी किए जा सकेंगे। शुभ मुहूर्तों को देखते हुए बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। व्यापारियों ने भी ग्राहकों के स्वागत की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
पंडित बनवारी लाल शर्मा के अनुसार 31 अक्टूबर की रात शुक्र ग्रह उदय हो गया। पुष्य नक्षत्र 1 नवंबर को सुबह 6:30 बजे से 2 नवंबर की सुबह 4:30 बजे तक रहेगा। रविवार को पुष्य नक्षत्र होने से रवि पुष्य योग बनेगा। इस दिन सप्तमी तिथि का संयोग भी दोपहर करीब 3 बजे तक रहेगा। रविवार और सप्तमी, दोनों का संबंध सूर्य से होने के कारण इस योग को विशेष माना जाता है।
शुभ मुहूर्तों के चलते सर्राफा बाजार सहित शहर के प्रमुख बाजारों में खरीदारी बढ़ने की उम्मीद है। चारदीवारी के बाजारों में सजावट की तैयारियां चल रही हैं। नगर निगम की ओर से भी बाजारों में रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। धनतेरस और दीपावली पर आभूषण, बर्तन, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स, घरेलू सामान, बहीखाते और देवी-देवताओं के यंत्र खरीदने की परंपरा है।
किस दिन कौन-सा रहेगा शुभ मुहूर्त
1 नवंबर, रविवार: सोना-चांदी खरीदने और नया कारोबार शुरू करने के लिए सुबह 7:04 से 10:38 बजे तथा दोपहर 12:42 से शाम 5:17 बजे तक शुभ समय।
2 नवंबर, सोमवार: दैनिक उपयोग की वस्तुओं की खरीदारी के लिए सुबह 6:51 से 8:14 बजे और शाम 4:28 से 5:50 बजे तक उत्तम समय।
3 नवंबर, मंगलवार: मशीनरी खरीदने के लिए सुबह 10:58 से दोपहर 12:22 बजे तक लाभ तथा दोपहर 12:22 से 1:45 बजे तक शुभ मुहूर्त।
4 नवंबर, बुधवार: इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू सामान के लिए सुबह 6:48 से 8:11 बजे, सुबह 10:58 से दोपहर 12:22 बजे तथा शाम 4:32 से 5:55 बजे तक अनुकूल समय।
5 नवंबर, गुरुवार: वाहन खरीदने के लिए सुबह 6:50 से 8:13 बजे और शाम 4:29 से 5:52 बजे तक शुभ समय। दोपहर 12:21 से 1:44 बजे तक लाभ का मुहूर्त।
6 नवंबर, शुक्रवार: सोना-चांदी, बर्तन, वाहन और इलेक्ट्रॉनिक्स की खरीदारी के लिए सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक तथा दोपहर 3:32 से शाम 6:32 बजे तक मुहूर्त।
7 नवंबर, शनिवार: धनतेरस पर आभूषण और घरेलू सामान खरीदने के लिए सुबह 7:59 से 9:21 बजे तक शुभ चौघड़िया।
8 नवंबर, रविवार: दीपावली पर सोना-चांदी और आभूषण खरीदने के लिए सुबह 7:09 से 7:52 बजे, सुबह 10:11 से दोपहर 3:24 बजे तथा शाम 4:49 से 6:24 बजे तक शुभ मुहूर्त।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

