जयपुर रेलवे स्टेशन पर रैपिडो के पिक-अप पॉइंट और लाउंज की शुरुआत

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर रेलवे स्टेशन पर रैपिडो के पिक-अप पॉइंट और लाउंज की शुरुआत


जयपुर, 25 मार्च (हि.स.)। यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए जयपुर रेलवे स्टेशन पर रैपिडो द्वारा पिक-अप पॉइंट और लाउंज (वेटिंग एरिया) स्थापित किया गया हैं। यह नई पहल विशेष रूप से उन यात्रियों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी,जो मोबाइल ऐप के माध्यम से रैपिडो बुक करने में असमर्थ हैं, या जिन्हें बुकिंग प्रक्रिया की जानकारी नहीं है। इन पिक-अप पॉइंट्स पर मौजूद प्रशिक्षित स्टाफ यात्रियों की सहायता करेंगे और उनकी ओर से तुरंत रैपिडो राइड बुक कर देंगे। इससे यात्रियों को किसी प्रकार की तकनीकी बाधा का सामना नहीं करना पड़ेगा और वे आसानी से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। यह सुविधा खासतौर पर वरिष्ठ नागरिकों, बाहरी पर्यटकों और तकनीकी जानकारी से कम परिचित लोगों के लिए अत्यंत उपयोगी है। साथ ही रैपिडो द्वारा स्थापित लाउंज या वेटिंग एरिया यात्रियों को आरामदायक और सुरक्षित वातावरण प्रदान करेंगे। यहां यात्रियों को अपनी बारी का इंतजार करने के लिए उचित स्थान मिलेगा, जिससे स्टेशन परिसर में अव्यवस्था और भीड़-भाड़ को भी नियंत्रित किया जा सकेगा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जयपुर पूजा मित्तल के अनुसार इस पहल का एक प्रमुख उद्देश्य ग्राहकों की सुरक्षा को मजबूत करना भी है अधिकृत पिक-अप पॉइंट्स से ही राइड बुक होने के कारण यात्रियों को अनधिकृत सेवाओं व ओवरचार्जिंग जैसी समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ेगा। सभी राइड्स रैपिडो के निर्धारित किराए पर ही बुक की जाएंगी,जिससे यात्रियों को अतिरिक्त शुल्क नहीं देना पड़ेगा। यह व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी है और ग्राहकों के हितों की रक्षा करती है।

रैपिडो के इस कदम से स्टेशन पर परिवहन व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित होगी और यात्रियों को एक भरोसेमंद एवं किफायती यात्रा विकल्प मिलेगा। मौके पर ही तुरंत बुकिंग की सुविधा उपलब्ध होने के कारण यात्रियों को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा, जिससे उनका समय भी बचेगा और यात्रा अनुभव बेहतर होगा।

जयपुर रेलवे स्टेशन पर इस नई सुविधा की शुरुआत शहर के सार्वजनिक परिवहन ढांचे को आधुनिक और यात्री-अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल न केवल स्थानीय यात्रियों बल्कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए भी अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी।

रैपिडो द्वारा की गई यह पहल भविष्य में अन्य प्रमुख रेलवे स्टेशनों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी लागू की जा सकती है,जिससे अधिक से अधिक लोगों को इस सुविधा का लाभ मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story