एक अगस्त से एलएचबी रैक से दौड़ेगी रानीखेत एक्सप्रेस

WhatsApp Channel Join Now
एक अगस्त से एलएचबी रैक से दौड़ेगी रानीखेत एक्सप्रेस


जोधपुर, 27 मई (हि.स.)। राजस्थान को उत्तराखंड से सीधे जोडऩे वाली काठगोदाम-जैसलमेर-काठगोदाम रानीखेत एक्सप्रेस में उत्तर रेलवे बड़ा बदलाव करने जा रहा है। अब यह ट्रेन पारंपरिक आईसीएफ रैक की जगह अत्याधुनिक एलएचबी रैक के साथ पटरियों पर दौड़ेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रानीखेत एक्सप्रेस ट्रेन की संरचना में बदलाव किया जा रहा है। ट्रेन का एलएचबी रैक से संचालन काठगोदाम से एक अगस्त तथा जैसलमेर से तीन अगस्त से शुरू होगा।

यादव के अनुसार ट्रेन संख्या 15014/15013 रानीखेत एक्सप्रेस और 25014/25013 रानीखेत लिंक एक्सप्रेस के सभी आईसीएफ रैक को एलएचबी रैक से बदला जाएगा। नई संरचना में रानीखेत एक्सप्रेस में एसी प्रथम, एसी टू टियर, एसी थ्री टियर, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे, जबकि रानीखेत लिंक एक्सप्रेस एसी थ्री टायर, स्लीपर व जनरल कोच रहेंगे। मुरादाबाद स्टेशन पर लिंक रैक को अलग कर पुन: जोड़ा जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story