आपसी सौहार्द एवं सामाजिक एकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रंगीलो सावन महोत्सव कार्यक्रम 8 अगस्त काे

WhatsApp Channel Join Now
आपसी सौहार्द एवं सामाजिक एकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रंगीलो सावन महोत्सव कार्यक्रम 8 अगस्त काे


बीकानेर, 01 अगस्त (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन महिला विंग, बीकानेर द्वारा 08 अगस्त को आयोजित होने वाले “रंगीलो सावन महोत्सव” के पोस्टर का विधायक सिद्धि कुमारी, आईएएस अधिकारी सैलजा पांडेय एवं आरपीएस अधिकारी शालिनी बजाज द्वारा भव्य विमोचन किया गया। इस अवसर पर तीनों अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए महिला विंग की पूरी टीम को शुभकामनाएं एवं बधाई दी।

विधायक सिद्धि कुमारी ने कहा कि सावन का पावन महीना भक्ति, श्रद्धा और उपासना का प्रतीक है। ऐसे पवित्र अवसर पर महिलाओं के लिए आयोजित “रंगीलो सावन महोत्सव” नारी शक्ति के सम्मान, उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करने तथा सामाजिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

आईएएस सैलजा पांडेय ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सर्वांगीण विकास एवं सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सामाजिक संस्थाओं द्वारा आयोजित इस प्रकार के सांस्कृतिक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम महिलाओं के आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सहभागिता को नई दिशा प्रदान करते हैं।

आरपीएस शालिनी बजाज ने कहा कि राजस्थानी संस्कृति और परंपराओं पर आधारित यह आयोजन महिलाओं में आत्मविश्वास, सामाजिक जुड़ाव और सांस्कृतिक गौरव की भावना को और मजबूत करेगा। उन्होंने महिला विंग की पूरी टीम को सफल आयोजन के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

महिला विंग की जिला अध्यक्ष ममता राठी ने बताया कि “रंगीलो सावन महोत्सव” का उद्देश्य महिलाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना, उनकी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, राजस्थानी संस्कृति का संरक्षण करना तथा आपसी सौहार्द एवं सामाजिक एकता को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में सावन क्वीन प्रतियोगिता, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, पारंपरिक खेल, मनोरंजक गतिविधियां एवं आकर्षक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन की प्रदेश मंत्री धनलक्ष्मी जैन, जिला महिला विंग की महामंत्री सरिता नाहटा, कोषाध्यक्ष सुरभि अग्रवाल, उपाध्यक्ष ज्योति विजयवर्गीय, उपाध्यक्ष हिना बाफना, मंत्री राधिका लोहिया, भव्या बाफना सहित महिला विंग की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story