रणकपुर एक्सप्रेस बदले मार्ग से चलेगी
जोधपुर, 28 सितम्बर (हि.स.)। जोधपुर मंडल के विभिन्न रेलखंडों पर तकनीकी कार्य के चलते दो ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। ट्रेन संख्या 14707 हनुमानगढ़-दादर रणकपुर एक्सप्रेस 29 सितंबर को परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी, जबकि ट्रेन संख्या 14887 ऋषिकेश-बाड़मेर एक्सप्रेस 28 सितंबर को अपने निर्धारित मार्ग पर करीब एक घंटे रेगुलेट रहेगी।
जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि कुचामन सिटी-नया खारडिया के बीच ब्रिज संख्या 43 तथा उम्मेद-खारिया खंगार के बीच ब्रिज संख्या 35 व 39 पर गर्डर लॉन्चिंग का कार्य किया जा रहा है। इसके चलते ट्रेन संख्या 14707 हनुमानगढ़-दादर रणकपुर एक्सप्रेस 29 सितंबर को एक ट्रिप के लिए लालगढ़-फलोदी-जोधपुर होकर संचालित होगी।
इस दौरान ट्रेन का फलोदी स्टेशन पर ठहराव रहेगा, जबकि बीकानेर, देशनोक, नोखा, नागौर, मारवाड़ मूंडवा, मेड़ता रोड और गोटन स्टेशनों पर ठहराव नहीं होगा। इसके अलावा ट्रेन संख्या 14887 ऋषिकेश-बाड़मेर एक्सप्रेस,जो 28 सितंबर को ऋषिकेश से प्रस्थान करेगी, बीकानेर-गोटन रेलखंड के बीच करीब एक घंटे रेगुलेट रहेगी। यात्रियों से अपील है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन के संचालन की स्थिति की जानकारी लेकर यात्रा की योजना बनाएं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

